धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 2 जुलाई। प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने धमतरी प्रवास के दौरान कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र चर्रा-कुरूद का निरीक्षण कर कृषि, पशुपालन, मत्स्य एवं जैव प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न नवाचारों का जायजा लिया। ग्राम छाती में मखाना खेती और इसके उत्पादन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ले इसे किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक सशक्तता का प्रभावी माध्यम बताया।
धमतरी प्रवास के दौरान मंत्री श्री नेताम ने ग्राम मरौद में बीज प्रसंस्करण इकाई एवं नील-हरित काई उत्पादन का निरीक्षण किया। ग्राम चर्रा में मुर्गीपालन एवं बकरी पालन गतिविधियों का अवलोकन कर ग्रामीण आजीविका संवर्धन के प्रयासों की जानकारी ली। ग्राम छाती में मखाना की खेती तथा ग्राम देमार में संजय गांधी फिश हेचरी का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी प्राप्त की। कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि, कृषि को लाभकारी बनाने तथा युवाओं को कृषि आधारित उद्यमिता से जोडऩे के लिए निरंतर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, जैव प्रौद्योगिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी उन्नत तकनीकों का समावेश कृषि क्षेत्र को नई दिशा देगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान एवं शोध को खेतों तक पहुंचाकर किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनें। उन्हें अधिकारियों ने बताया कि छाती की दो महिला स्व-सहायता समूह द्वारा 29 एकड़ में मखाना की खेती की जा रही है।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि मखाना एक उच्च मूल्य की पोषक एवं बाजार में बढ़ती मांग वाली फसल है, जो किसानों की आय बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं रखती है। उन्होंने उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग, विपणन तथा महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी को और मजबूत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।