धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 1 जुलाई। वन विभाग द्वारा महानदी के तट पर करीब 45 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही सिंदूर वाटिका की बाउंड्री वॉल पहली बरसात में ही ढह गई। कांग्रेसियों ने मौका निरीक्षण के बाद इस मामले की जांच की मांग उठाई है।
दक्षिण मगरलोड के अंतर्गत मोहंदी फॉरेस्ट रेंज के ग्राम पंचायत मेघा में महानदी किनारे वन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में सिंदूर वाटिका निर्माण के लिए 44 लाख 60 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई थी। इस परियोजना के तहत पाथवे, बाथरूम, विश्राम कक्ष, मुख्य द्वार, फेंसिंग वॉल, पिचिंग, बोर खनन, पेवर ब्लॉक तथा पौधारोपण सहित विभिन्न कार्य कराए जाने हैं। लेकिन पहली ही बारिश में कई स्थानों पर फेंसिंग के पोलों के आधार झुकने लगे हैं, नदी किनारे कराई जा रही पिचिंग और सुरक्षा बैटिंग भी टूटने लगे हैं।
स्थानीय निवासियों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये की लागत से बनने वाले इस उद्यान में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। फेंसिंग के आधार और नदी किनारे की पिचिंग अभी से क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे भविष्य में पूरा गार्डन खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
कुरुद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महीम शुक्ला ने कहा कि महानदी किनारे बन रही सिंदूर वाटिका क्षेत्र के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकती है, लेकिन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा है, जिससे इसका उद्देश्य पूरा नहीं होगा।
इस संबंध में मोहंदी वन परिक्षेत्र के रेंजर पंचराम साहू ने बताया कि सिंदूर वाटिका का निर्माण विभागीय मापदंडों के अनुसार ही कराया जा रहा है। कार्य में कहीं कोई कमी है तो उसकी जांच कर आवश्यक सुधार कराया जा रहा है।