धमतरी

जिलाध्यक्षों ने मनरेगा में खोदी मिट्टी, मजदूरों संग खाई बासी
01-Jul-2026 3:51 PM
जिलाध्यक्षों ने मनरेगा में खोदी मिट्टी, मजदूरों संग खाई बासी

अभनपुर में कांग्रेस का दस दिनी प्रशिक्षण शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 1 जुलाई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, सचिन राव आदि से प्रदेश के 41 जिलाध्यक्षों के साथ अभनपुर में 10 दिवसीय प्रशिक्षण लेकर लौटीं धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी चन्द्राकर ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते हुए प्रशिक्षण शिविर की कुछ बातें शेयर की।

नये सिरे से पार्टी का कायाकल्प करने के अभियान में बरसाों से जुटे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निर्देश पर 20 से 29 जून तक अभनपुर में कांग्रेस जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। जिसमें राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, सचिन राव आदि वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग सत्र में कांग्रेस का इतिहास, विचारधारा, आजादी की लड़ाई से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण में पार्टी के योगदान के बारे में जानकारी दी।

        30 जून को प्रशिक्षण शिविर से लौटीं धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी नीलम चन्द्राकर ने ‘छत्तीसगढ़’ प्रतिनिधि से चर्चा करते हुए बताया कि राहुल गांधी ने देश और पार्टी के इतिहास से अवगत कराते हुए हमें वर्तमान चुनौतियों एवं संविधान पर छाए संकट से छुटकारा पाने के लिए तैयार रहने का सबक सिखाया।

उन्होंने आदिवासियों के जल जंगल जमीन, लोगों के मौलिक अधिकार, जाति एवं वर्ण व्यवस्था, आरक्षण, सामाजिक न्याय, धर्म और राजनीति जैसे गूढ़ विषयों को बेहद सरल तरीके से समझाया।

 केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, सचिन राव ने पार्टी विचारधारा और पार्टी के खाते में दर्ज एतिहासिक उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही फासीवाद से निपटने, राजनीतिक मुद्दे उठाने, सत्ता पक्ष की विफलता उजागर करने, पार्टी की नितियों को जनमन तक पहुँचाने और बूथ लेबल तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने का फार्मूला समझाया।

         धमतरी जिलाध्यक्ष श्रीमती चन्द्राकर ने बताया कि शिविर के दरमियान हमें कुरुद विधानसभा के ग्राम कोडापार, कचना, खपरी, खुरसेंगा एवं अभनपुर क्षेत्र कई गाँव में एक दिन-रात ग्रामीणों की दिनचर्या में साथ रहने, खाने पीने, सोने उठने, बातचीत और उनके जीवन शैली को समझने का मौका मिला।

     9वें दिन अभनपुर विधानसभा के ग्राम लखना में आयोजित श्रमदान एवं जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत मनरेगा कार्यस्थल पर श्रमिकों के साथ नेताओं और सभी जिलाध्यक्षों ने मिट्टी खोदकर उसे तालाब पार में फेंकने के काम में श्रमिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर 2 घंटे तक श्रमदान किया। इस बीच मनरेगा मजदूरों ने हमें पान रोटी, चिला, बासी चटनी खिलाई। इन सब से यह सबक सिखाने मिला कि अब मंच से भाषण देकर कुर्सी हासिल नहीं होगी, जनता और मजदूरों के बीच जाकर उनके पसीने का मोल समझना होगा, तभी नवा बिहान आएगा।


अन्य पोस्ट