धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 28 जून। सरकार या व्यवस्था के प्रति आलोचना जायज है, लेकिन सकरात्मक पक्ष को भी जनता के सामने लाने का काम होना चाहिए। उक्त बातें कुरुद विधायक अजय चन्द्राकर ने एक एनजीओ द्वारा तैयार स्कूल भवन का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने सीएम की घोषणा के हवाले से बताया कि बालक स्कूल के लिए तीन करोड़ और कन्या विद्यालय हेतु डेढ़ करोड़ रुपये मिलेंगे।
रविवार को शासकीय कन्या विद्यालय कुरुद में आयोजित लोकार्पण समारोह में पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री अजय चन्द्राकर ने शिरकत की। उन्होंने रायपुर की एक एनजीओ द्वारा कई बड़ी कम्पनियों से सीएसआर फंड जुटा बनवाये गए स्कूल भवन का उद्घाटन किया।
उन्होंने माना कि बड़े कारपोरेट घराने सीएसआर फंड का उपयोग अपने एनजीओ के माध्यम से करते हैं। जिसके चलते गांव में सीएसआर अभी तक नहीं पहुंच सका है। विधायक ने बताया कि पिछले दिनों सुशासन तिहार में धमतरी आए मुख्यमंत्री ने कुरुद के लिए जो घोषणा की, उसमें बालक स्कूल के लिए तीन करोड़ और कन्या विद्यालय हेतु डेढ़ करोड़ रुपये मिलेंगे। जिससे विद्यालय के लिए सर्व सुविधा युक्त भवन तैयार किये जाएंगे।
कुरुद के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि समय की मांग है कि हमें भावी पीढ़ी के लिए नगर की नई तस्वीर बनानी होगी। इसमें हो सकता है कि कुछ अड़चन आए, किसी का हित प्रभावित हो, नगर विन्यास के इन कामों का विरोध करने की जगह इसके विकल्प पर बात होनी चाहिए। असहमति को सहमति में बदलना लोकतंत्र की खूबसूरती है।
उन्होंने पूर्ववर्ती नेतृत्व पर निशाना साधते हुए शक्कर कारखाना और छत्तीसगढ़ महतारी मंदीर के नाम पर आरक्षित की गई किसानों की जमीन का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाया।
इसके पूर्व विधायक श्री चन्द्राकर एवं नपा अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। इस अवसर पर गौकरण साहू, भूपेन्द्र चन्द्राकर,कृष्णकांत साहू, भानु चन्द्राकर, शेखर चन्द्राकर, सुनील चन्द्राकर, खिल्लू देवांगन, डीईओ, बीईओ, बीआरसीसी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक उपस्थित थे।