धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 27 जून। तकनीक एवं आधुनिक यंत्रों के सहारे कृषि को बढ़ावा देने शासन द्वारा अपनाए जा रहे नवाचारों के तहत सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों की खड़ी फसल में ड्रोन के माध्यम से दवा छिडक़ाव का नया प्रयोग किया जा रहा है। जिसके तहत क्षेत्र की कुछ सोसाइटियों में तकनीकी पक्ष की पूर्व तैयारी के बैगर ड्रोन सेवा शुरू कर दी गई है।
मगरलोड ब्लॉक अंतर्गत ग्राम करेली में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने ड्रोन सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी, केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमीत शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरुप किसानों की आय दोगुनी करने कई योजनाएं लागू की गई है। तकनीकी एवं आधुनिक यंत्रों की मदद से कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए नवाचारों को अपनाया जा रहा है। उसी के तर्ज पर अब किसानों को कीटनाशक दवा का छिडक़ाव के लिए गाँव में ही ड्रोन से हवाई सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने समिति प्रबंधकों को इस सेवा के तकनीकी पहलूओं को अनदेखा नहीं करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने हिम्मत साहू एवं राधे निषाद को गौपालन हेतु स्वीकृत ऋण का चेक प्रदान करते हुए कहा कि यह पहल किसानों एवं पशुपालकों की आय वृद्धि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमारा संकल्प है कि सहकारिता, आधुनिक तकनीक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसान समृद्ध हों, कृषि लाभकारी बने और गांव आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हों। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष विरेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष कल्याण राजपूत, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्याम साहू, करेली नपं अध्यक्ष महेंद्र साहू, उपाध्यक्ष टोपराम, प्राधिकृत अधिकारी गोपाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।