धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 19 जून। विकासखंड मगरलोड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेघा में आयोजित जीवनदीप समिति की सामान्य सभा बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष विरेंद्र कुमार साहू ने की। उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने अस्पताल में आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
गुरुवार को जीवनदीप समिति की बैठक प्रारंभ होने से पहले अध्यक्ष श्री साहू ने पीएचसी मेघा में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान ओपीडी एवं भर्ती मरीजों से चर्चा कर उन्हें मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव देते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। तत्पश्चात समिति की सामान्य सभा में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण एवं स्वास्थ्य केंद्र के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही अस्पताल परिसर में वाटर कूलर स्थापना, कैंप परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाने, खिड़कियों की मरम्मत, जेएसएसके योजना अंतर्गत आवश्यक व्यवस्थाएं विकास एवं रखरखाव कार्यों के संबंध में चर्चा कर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।
समिति के सदस्यों ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ संपादित करने का निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष खिलेश साहू, डॉ. शारदा ठाकुर, केआर. साहू, मनोज पटेल, रूपेश साहू, गजेंद्र ध्रुव, छत्रपाल साहू एवं जीवनदीप समिति सदस्य उपस्थित थे।