धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 17 जून। कुरूद से अभनपुर तक रायपुर से धमतरी के बीच चलने वाली बहुप्रतीक्षित ट्रेन सेवा का सपना इस सफल ट्रायल से जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है। जिससे जिले वासियों में खुशी का संचार हुआ है।
बुधवार को रेल मंडल रायपुर के अभियंता के नेतृत्व में आधा दर्जन टेक्निकल कर्मचारियों की देखरेख में कुरुद से अभनपुर तक रेलवे ट्रैक में हाई स्पीड ट्रेन चलाकर परीक्षण किया गया। सबसे पहले इंजन एक बोगी के साथ रायपुर से फूटप्लेट निरीक्षण करते हुए ट्रेन करीब 12 बजे कुरूद रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां से रेल मंडल रायपुर के अभियंता के नेतृत्व में आधा दर्जन टेक्निकल कर्मचारियों ने स्पीड ट्रायल के लिए अभनपुर रवाना हुआ।
110 किमी प्रति घंटे की स्पीड से नवनिर्मित रेलवे ट्रैक पर दौड़ी ट्रेन 24 किमी की दूरी महज 12 मिनट में तय कर अभनपुर स्टेशन पहुंच गई। मंडल अभियंता ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रेलवे ट्रैक का हाई स्पीड ट्रायल किया गया। जिसमें ट्रैक की स्पीड की क्षमता, पिक पॉइंट जर्क का निरीक्षण किया गया जो सही पाया गया। उन्होंने संभावना जताई कि इसी साल के अंत तक रायपुर से धमतरी तक ट्रेन सेवा शुरू हो सकती है। इसके पूर्व 17-18 फरवरी को ट्रायल किया गया था। इस मौके पर रेलवे के तकनीकी स्टाफ़ प्रहलाद शैलार, योगेश वरिष्ठ, बीके चौधरी, अमलेश कुमार, प्यार महोम्मद, रंजीत साहू आदि मौजूद थे।


