धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 13 जून। मगरलोड जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम कुण्डेल में गांवों में विकास एवं जनसुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाखों की लागत से अटल सुविधा केंद्र एवं क्रीड़ा मैदान में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य का जनपद अध्यक्ष ने भूमिपूजन किया।
ग्राम पंचायत कुण्डेल में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने 9 लाख 60 हजार के विभिन्न कार्यों की शुरुआत की। जिसमें 5 लाख से अटल सुविधा केंद्र तथा 4 लाख 60 हजार रुपये की लागत से शौर्य क्रीड़ा क्लब मैदान में सामुदायिक शौचालय निर्माण शामिल है।
इस मौके पर मुख्य अतिथि श्री साहू ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और बेहतर अधोसंरचना निर्माण के लिए जनपद पंचायत निरंतर कार्य कर रही है। अटल सुविधा केंद्र एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण से ग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सभापति सरिता कश्यप ने की। इस अवसर पर सरपंच यशोदा साहू, रंजीत साहू, संतोष, हिरेश, रेवाराम साहू, प्रीति साहू, चमेली बाई, कौशल साहू, केसरी बाई, वीरेंद्र यादव, भुवन यादव, छबिलाल साहू, सचिव भागवत देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन ग्राम विकास एवं जनसेवा के संकल्प के साथ किया गया।


