धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 12 जून। कुरुद के अलावा भखारा को भी बुनियादी सुविधाओं से लैस करने राजनीतिक एवं प्रशासनिक इरादे नजऱ आने लगे हैं। यहां चल रहे शिक्षा कौशल संवर्धन, रोजगार सृजन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार कार्यों का धमतरी कलेक्टर ने निरक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिए।
शुक्रवार को कुरूद विकासखंड के नगर पंचायत भखारा का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दौरा कर मिनी एजुकेशन सेंटर, लाइवलीहुड कॉलेज, स्किल सेंटर तथा छात्रावास परिसर का अवलोकन कर वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और बेहतर जनसुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं। क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। लाइवलीहुड कॉलेज और स्किल सेंटर के माध्यम से स्थानीय युवाओं को उनकी रुचि एवं बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इससे न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। कलेक्टर ने छात्रावास परिसर का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया।
नपं अध्यक्ष ज्योति जैन, विधायक प्रतिनिधि हरख जैन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर ने भखारा के तालाब में जारी सौंदर्यीकरण कार्य की प्रगति देखी। योजना पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि तालाब का विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे नागरिकों के लिए एक आकर्षक एवं उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां चौपाटी, ओपन जिम, पाथ-वे सहित अन्य जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
अध्यक्ष श्रीमती जैन ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों के विकास से लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण एवं स्थानीय स्तर पर पर्यटन और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर पार्षद दल पार्टी नेता एवं अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।


