धमतरी

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष ने बताई मोदी सरकार की उपलब्धियां
11-Jun-2026 8:48 PM
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष ने बताई मोदी सरकार की उपलब्धियां

कुरुद विधानसभा में किया सघन जनसंपर्क

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 जून। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम सेमरा, सिलौटी, पचपेड़ी एवं सिलघट में आयोजित जनसंपर्क और सम्मान कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने पहले राष्ट्र को एक सामूहिक सोच दी, फिर जन-विश्वास के बल पर उस सोच को सामूहिक संकल्प में बदला, और आज वही संकल्प विकसित भारत के रूप में सामूहिक स्वप्न का रूप ले चुका है।

कुरुद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने बताया कि मोदी सरकार द्वारा संचालित योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल, ग्रामीण विद्युतीकर, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत और गरीब कल्याण जैसी योजनाओं ने  गांवों की तस्वीर बदल दी है।

आज ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़, बिजली, शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे आम नागरिकों का जीवन स्तर पहले से अधिक बेहतर और सुगम हुआ है। श्री सिन्हा ने सहकारिता के महत्व पर बोलते हुए कहा कि सहकारिता केवल खाद वितरण या धान खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से पशुपालन, मत्स्य पालन और गौपालन पशुचारा,कृषि यंत्रीकरण, उद्यानिकी, तार फेंसिंग, नलकूप और भूमि सुधार स्वरोजगार और लघु व्यवसायों के लिए ऋण की सुविधा किसानों को दी जा रही है।

उन्होंने किसानों से परंपरागत खेती के साथ-साथ नगदी फसलों और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक और प्राकृतिक खेती की ओर बढऩे पर जोर देते हुए कहा कि, स्वस्थ भूमि ही भविष्य की समृद्धि का आधार है। कार्यक्रम को जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन ने भी संबोधित किया। इस अवसर भाजपा नेता आनंद यदु, रवि सिन्हा, भोलाराम साहू, संतोष यादव, चोवाराम गंजीर, लेखराम सिन्हा, अनील शिंदे, छबिलेश सिन्हा, कामता निषाद, बैंक प्रबंधक महेंद्र गौर, क्षेत्रीय सोसायटी प्रबंधक,  पार्टी कार्यकर्ता, किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट