धमतरी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कुरुद, 11 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर ने मां चंडी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर उनके स्वस्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए मोदी के सफल नेतृत्व, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की ऐतिहासिक यात्रा के लिए कृतज्ञता व्यक्त की।
क्षेत्रीय जनसंपर्क से लौटने के बाद 10 जून की शाम कुरुद चंडी मंदिर के पास नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने की खुशी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने माता के दरबार में विशेष पूजा अर्चना कर मोदी सरकार के चौथे पारी के लिए प्रार्थना की। आतिशबाजी और मिठाई वितरण के बाद हुई चर्चा में श्री चन्द्राकर ने बताया कि वर्ष 2014 में पहली बार देश की 140 करोड़ विशाल जनता को सामूहिक चेतना के एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।
देश को पहला ऐसा नेतृत्व मिला है, जो प्रधान सेवक के भाव से सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के महा-संकल्प को लेकर निरंतर आगे बढ़ रहा है। मोदी ने पहले राष्ट्र को एक सामूहिक सोच दी, फिर जन-विश्वास के बल पर उस सोच को सामूहिक संकल्प में बदला, और आज वही संकल्प विकसित भारत के रूप में सामूहिक स्वप्न का रूप ले चुका है।
उन्होंने स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं रहने दिया, बल्कि उसे जन संस्कार और स्वभाव बनाने की प्रेरणा दी। आज स्वच्छता एक आदत, एक जिम्मेदारी और विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार बन चुकी है। विधायक ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की 12 वर्ष की यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों की कहानी नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भागीदारी,विश्वास और संकल्प का प्रतीक है। यही जनशक्ति विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। एक भाजपा कार्यकर्ता के नाते मुझे पूर्ण विश्वास है कि मोदी जी के नेतृत्व में चौथे कार्यकाल के दौरान भारत विकसित राष्ट्र बनने की अपनी यात्रा को और अधिक गति देगा। इस अवसर पर नपा अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर, केशव चन्द्राकर, शेखर चन्द्राकर, वैभव चंद्राकर, भूपेन्द्र सिन्हा, पार्षद महेंद्र गायकवाड़, मिथलेश बैंस, राजकुमारी ध्रुव, प्रभात बैंस, थानेश्वर साहू आदि उपस्थित थे।


