धमतरी

कमल फूल तोड़ते डूबा, मौत
31-May-2026 8:33 PM
कमल फूल तोड़ते डूबा, मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 31 मई। कमल फूल में लगे मखाना का फल तोडऩे तलाब के गहरे पानी में गये एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। कई घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद आज सुबह उसकी लाश को तालाब से बाहर निकाला गया। पीएम के बाद पुलिस ने लाश परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को कुरूद में रिश्तेदार के यहाँ दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम उमरदा निवासी संतोष पिता रामलाल कंवर 40 साल आया था। रामसागर तालाब में जलांजलि के दौरान संतोष एवं अन्य तीन लोग कमल फूल में लगे फल तोडऩे तालाब के गहरे पानी में चला गया। झाडिय़ों में पैर फंसने के कारण वह डूब गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर घटना की सूचना थाना में दी गई।

नगर पालिका एवं पुलिस टीम ने अपने स्तर पर खोजबीन की लेकिन कल रात तक कोई सफलता नहीं मिली तो धमतरी से गोताखोरों को बुलाया गया। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह टीम ने शव को बाहर निकाला। इसके पूर्व घटना की जानकारी मिलने पर कुरुद और उमरदा के ग्रामीणों की भीड़ देर रात तक तालाब किनारे डटे रहे। पेशे से राजमिस्त्री संतोष कंवर अपने परिवार के भरण-पोषण का प्रमुख सहारा थे। हादसे की खबर से उमरदा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


अन्य पोस्ट