धमतरी

सीता नदी अभ्यारण में अवैध कटाई-अतिक्रमण पर विवाद बढ़ा, कांग्रेस ने भी मोर्चा खोला
20-May-2026 3:22 PM
सीता नदी अभ्यारण में अवैध कटाई-अतिक्रमण पर विवाद बढ़ा, कांग्रेस ने भी मोर्चा खोला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 20 मई। धमतरी जिले के सीतानदी अभ्यारण क्षेत्र के  गांव जैतपुरी के 166 आदिवासियों पर वन विभाग द्वारा लाखों पेड़ों की कटाई और अवैध कब्जे के आरोपों के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। आदिवासी और वन अमले की बीच जारी तनातनी में विपक्षी पार्टी कांग्रेस भी कूद गई है। उसके नेताओं ने वनवासियों पर वन अमले की कथित बर्बरता के खिलाफ सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

 ज्ञात हो कि 18 मई को सीतानदी अभ्यारण क्षेत्र के  गांव जैतपुरी में अतिक्रमण हटाने वन अमला पहुँचा था। जहाँ कब्जे को लेकर आदिवासी परिवारों के साथ उनकी झड़प हुई। वन विभाग ने 166 आदिवासियों पर वन भूमि से 1 लाख पेड़ काटने का आरोप लगाया। अतिक्रमण हटाने के दरमियान वन अमले और स्थानीय लोगों के बीच हाथापाई, मारपीट भी हुई। इस बात से नाराज लोगों ने मंगलवार को धमतरी कलेक्टोरेट का घेराव किया। उनके इस प्रदर्शन में कांग्रेसी नेता भी शामिल हुए। तब आदिवासियों ने 166 लोगों पर 1 लाख पेड़ काटने एवं वन भूमि पर कब्जा करने के आरोप को बेबुनियाद ठहराते हुए वन अमले पर महिलाओं और पुरुषों पर घर घुस कर मारपीट और दुव्र्यवहार करने का आरोप लगाया।  पीडि़त आदिवासी परिवारों की व्यथा सुनने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी चन्द्राकर, धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम आदि नेताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से भेंट कर साफ कर दिया कि आदिवासियों के पुश्तैनी हक पर डाका डालने की हर कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि कुछ कार्पोरेट घराने को लाभ पहुंचाने भाजपा सरकार हसदेव के जंगल में लाखों पेड़ कटवाने का काम कर रही है, लेकिन धमतरी जिले में सदियों से वन के रक्षक बने आदिवासियों पर बेबुनियाद आरोप लगा लाठियां बरसाई जा रही है।

 पूर्व विधायक एवं पिछड़ा वर्ग राष्ट्रीय समन्वयक लेखराम साहू ने कहा कि प्रदेश में जब से डबल इंजन की सरकार आई है तब से नदियों और वन भूमि का दोहन बढ़ गया है, जिससे पर्यावरण संतुलन बिगडऩे लगा और तापमान में बेतहाशा वृद्धि होने लगी है। जैतपुरी में जब 1 लाख  पेड़ कट रहे थे तब वन विभाग को पता नहीं चला, अब अधिकारियों की आंखें खुली है।

 उन्होंने कहा है कि कांग्रेस शुरू से आदिवासियों को उनका हक दिलाने का कार्य कर रही है। इस मामले में भी हम अपने आदिवासी भाईयों के साथ खड़े हैं। पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव, शरद लोहाना, मोहन लालवानी, मनोज साक्षी, बिंदा नेताम आदि नेताओं ने वन विभाग की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आदिवासी परिवार को न्याय नहीं दिलाया गया तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगी।

इस मामले में यूएसटीआर के डिप्टी डायरेक्टर अरुण जैन ने बताया कि रिमोट सेंसिंग पोर्टल की ओर से जारी तस्वीरों से पता चला कि जैतपुरी इलाके में बड़े पैमाने पर वृक्षों की कटाई हुई है। हमारी ताजा पड़ताल में पता चला है कि हाल ही में यहाँ बड़ी संख्या में पेड़ काटे गए हैं, जंगल में सैकड़ों ठूंठ इस बात की गवाही दे रहे हैं।


अन्य पोस्ट