धमतरी

विधायक ने किया करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण
19-May-2026 9:29 PM
विधायक ने किया करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 18 मई। नगर पंचायत भखारा सहित सिलौटी और पचपेड़ी में विधायक अजय चन्द्राकर ने आज करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों ने मुझे जो जनादेश दिया है उसे पूरा करने आगामी सालों में कुरुद क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना मेरा लक्ष्य है। मोदी गारंटी और विष्णुदेव के सुशासन का लाभ हर गाँव को मिलेगा।

मंगलवार को कुरुद विधानसभा के दुरस्त पंचायत सिलौटी पहुंचे श्री चन्द्राकर ने यहाँ शासकीय महाविद्यालय का एवं ग्राम पंचायत पचपेड़ी में पीएचसी सेंटर का शुभारंभ किया। इसके पश्चात पूर्व मंत्री का काफिला भखारा पहुंचा जहाँ उन्होंने आधुनिक ई-लाइब्रेरी, सामुदायिक भवन, मोटर पंप, पानी टंकी स्थापना, सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके अलावा करोड़ों के लागत वाले एसटीपी निर्माण, मल्टी स्पोर्ट टर्फ ग्राउंड, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, ऑक्टांगल स्ट्रीट पोल एवं एलईडी लाईट, बाउंड्रीवाल सम्पवेल, यात्री प्रतीक्षालय आदि निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

श्री चन्द्राकर ने खाद और ईधन संकट के लिए वैश्विक परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराते हुए संयम से काम लेने की सलाह दी। उन्होंने किसानों से कहा कि रासायनिक खाद के साथ-साथ वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देकर इस स्थिति से उबारा जा सकता है। पूर्व मंत्री ने पेट्रोल पंपों में किसानों को प्राथमिकता के आधार पर डिजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाने के लिए कलेक्टर को निर्देश दिया।

नपं अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सरकार से भखारा क्षेत्र को करोड़ों की सौगात दिलाने वाले पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्षद, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे।


अन्य पोस्ट