धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 मई। सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव की संकल्प के साथ मगरलोड ब्लॉक सरपंच संघ की बैठक हुई। जिसमें जिला पदाधिकारियों की मौजूदगी में संगठन को मजबूत बनाने आपसी समन्वय बढ़ाने पर सहमति बनी। साथ ही जल एवं पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, मनरेगा व अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली अड़चनों को दूर करने विचार-विमर्श किया गया।
जनपद के सभाकक्ष में मगरलोड ब्लॉक सरपंच संघ की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसका मुख्य उद्देश्य त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना और जनहित के कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करना था। जिला सरपंच संघ अध्यक्ष टिकेश साहू ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए ग्राम पंचायत, जनपद एवं जिला पंचायत के बीच समन्वय बनाकर कार्यों को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की जरूरत है। संघ के माध्यम से हम सभी कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने तथा नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था, हर घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने ठोस कार्ययोजना, वर्षा जल संरक्षण, जलस्रोतों के पुनर्जीवन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल, स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम के लक्ष्य प्राप्ति हेतु सामूहिक प्रयास और जनजागरुकता, हर पात्र हितग्राही तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु रणनीति, प्रत्येक पंचायतों में कम से कम 101 पौधे लगा पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के निति पर हम काम कर रहे हैं।
मगरलोड ब्लॉक अध्यक्ष राखी साहू ने कहा कि पंचायत राज अधिनियम में सरपंच को गाँव का मालिक बनाया गया है , लेकिन दफ्तर में बैठे छोटे कर्मचारी भी उन्हें छोटे मोटे कामों के लिए चक्कर लगवाने में पीछे नहीं है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए मजबूत संगठन का होना जरूरी है। भाजपा से जुड़ी खिसोरा सरपंच श्रीमती साहू ने बताया कि काम करवाने के बाद भी मनरेगा का पैसा समय पर नहीं मिल रहा, ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की राशि आबंटन में भेदभाव, 15वें वित्त की राशि से भौतिक विकास का दबाव जैसे अन्यायन समस्याओं को झेल रहे हमारे सरपंच साथी संगठन के सहारे ही अपने हक़ की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने माना कि फ्री बीज योजनाओं के चलते अब पहले के मुकाबले पंचायतों का कम आबंटन प्राप्त हो रहा है। जिसके चलते हम जन आपेक्षाओं को पूरा करने में अक्षम सिद्ध हो रहे हैं। बैठक में योगेश साहू, जयमित्र, लोमेश साहू, विमल नेताम, ईश्वरी साहू, भोजराम, लोमेश्वर, भानुप्रिया साहू, राजेश्वरी पटेल, हरिनारायण साहू, खेमूराम, परमेश्वरी साहू, मनीषा धुर्व, केवल वर्मा सहित मगरलोड ब्लॉक के सरपंच गण उपस्थित थे।।


