धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 14 मई। समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास और विश्वास पहुंचाने के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी धमतरी द्वारा आयोजित सहकारिता प्रकोष्ठ विषयक बैठक में वक्ताओं ने सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
भाजपा जिला कार्यालय धमतरी में सहकारिता प्रकोष्ठ जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें सहकारिता प्रकोष्ठ कार्यसमिति सदस्यों, सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति में संगठनात्मक विषयों, सहकारिता गतिविधियों के विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने बताया कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि गांव, गरीब और किसान को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने किसानों, ग्रामीणों एवं स्व सहायता समूहों तक सहकारिता योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने, संगठनात्मक मजबूती तथा जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
सहकारिता प्रदेश संयोजक प्रवीण दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारे कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। प्रदेश प्रवक्ता रंजना साहू ने कहा कि भाजपा संगठन समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की विचारधारा पर कार्य करता है। उन्होंने सहकारिता प्रकोष्ठ को संगठन की महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण भाव से कार्य करने की अपील की।
महापौर रामू रोहरा, वरिष्ठ भाजपा नेता नेतराम निषाद, शशि पवार, महेंद्र पंडित, राकेश साहू, दयाराम साहू ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक एकजुटता एवं सक्रियता पर बल दिया।
इस अवसर पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू राम निषाद, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, रूपचंद साहू, राकेश साहू, बृजमोहन देवांगन, चेतन हिंदुजा, कौशिल्या देवांगन, अमर पटेल, तरुण साहू आदि सहकारिता से जुड़े लोग उपस्थित थे।


