धमतरी

धमतरी में सीएफ जवान, परसतराई में नवविवाहिता ने लगाई फांसी
11-May-2026 4:26 PM
धमतरी में सीएफ जवान, परसतराई में नवविवाहिता ने लगाई फांसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 मई। बंगाल चुनाव में ड्यूटी कर पांच दिन की छुट्टी पर धमतरी लौटे एक सीएफ जवान ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। जिले की ही एक अन्य घटना में एक नवविवाहिता ने शादी के पांच महीने बाद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस दोनों ही मामले में आत्महत्या के करणों का पता लगाने में जुटी है।

 प्राप्त जानकारी के अनुसार धमतरी कोतवाली थाना क्षेत्रातर्गत पिंक सिटी में अपने परिवार के साथ रहने वाले जागेश्वर प्रसाद ठाकुर 35 वर्ष छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की अंबिकापुर स्थित 10वीं बटालियन में पदस्थ थे। वह हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनावी ड्यूटी पूरी करने के बाद पांच दिन की छुट्टी लेकर धमतरी लौटे थे।

बताया गया कि जवान ने शनिवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा तब घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस उसके मोबाइल फोन, निजी दस्तावेजों और पारिवारिक परिस्थितियों की जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह सामने आ सके।

इसी तरह की एक अन्य घटना में धमतरी जिले के ग्राम परसतराई में रहने वाली नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अर्जुनी थाना क्षेत्र की इस घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान कामेश्वरी साहू के रूप में हुई है, जिसकी शादी परसतराई गांव में रहने वाले युवक से पांच महीने पहले ही हुई थी। अज्ञात कारणों के चलते उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अब तक आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी का कहना है कि उन्हें कल सूचना मिली थी कि परसतराई गांव में रहने वाली कामेश्वरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।


अन्य पोस्ट