धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 8 मई। नगर पंचायत भखारा में सुशासन तिहार के तहत प्रशासन द्वारा समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें नागरिकों ने अस्पताल में डॉक्टर, कॉलेज में शिक्षक, तालाब में पानी व पात्र भूमिहीनों को राशि और बरसों से निवासरत लोगों का पीएम आवास स्वीकृत करने संबधी आवेदन सौपा।
शुक्रवार को नगर पंचायत भखारा वार्ड क्रमांक 8 में स्थित मंगल भवन में सुशासन तिहार के तहत शिविर लगाया गया। जिसका शुभारंभ नपं अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने किया। शिविर में सभी शासकीय विभागों ने अपना स्टाल लगाकर लोगों से उनकी समस्या सुलझाने आवेदन लिया। राजस्व विभाग के समक्ष 325 लोगों ने अपनी पात्रता का प्रमाण पेश करते हुए बताया कि उन्हें भूमिहीन योजना के तहत राशि नहीं मिल रही है। तहसीलदार की गैरमौजूदगी में सीएमओ ने बताया कि इस योजना का पोर्टल बंद होने के चलते नये प्रकरण शामिल नही हो रहे हैं।
वार्ड क्रमांक 1,7,14,15 के वासियों ने बताया कि वे बरसों से यहाँ रह रहे हैं, फिर भी उन्हें प्रधानमंत्री आवास का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा सरकारी अस्पताल में डाक्टरों और कालेज में प्राध्यापकों की कमी दूर करने संबधी आवेदन के अलावा नगर के प्रमुख तालाब में पानी नहीं होने से निस्तारण में हो रही समस्या को दूर करने के लिए भी लोगों ने संबंधित अधिकारियों को पाती सौपी। इसके अलावा अघोषित विद्युत कटौती के लिए बिजली विभाग, अवैध नशा और बढ़ते अपराध हेतु पुलिस और मुरझाते पौधे और कटते पेड़ों की सुरक्षा के लिए भी चिंतित नागरिकों ने जंगल विभाग से फरियाद की।
आंगनबाड़ी में पोषक खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और पेयजल व्यवस्था को सुचारू रखने संबधी आवेदन सौपा गया। जिनमें से कुछ का मौके पर ही निराकरण का प्रयास किया गया। शिविर में कई पार्षदों ने सक्रियता दिखाते हुए अपने वार्ड की समस्या को अधिकारियों के समक्ष लाने में नागरिकों का साथ दिया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, उपाध्यक्ष बिष्णु साहू, सीएमओ हरिकिशन पावरिया सहित पार्षद एवं नागरिक व विभागीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।


