धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 मई। पश्चिम बंगाल में भाजपा की ये जीत मोदी जी, अमित शाह या मेरे जैसे किसी अन्य भाजपा नेताओं की नहीं अपितु यह जीत श्यामा प्रसाद मुखर्जी के उन मूल्यों, विचारों और संस्कारों की विराट जीत है जिसे हमारे वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं ने आत्मसात कर देश और समाज को नई चेतना नई दिशा देने का संकल्प लिया था। उक्त बातें जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने पश्चिम बंगाल में तीन महीने बिताकर अपने प्रभार वाले जिले की सभी सातों सीट पर जीत का परचम लहराने के बाद कही।
ज्ञात हो कि देश के किसी भी राज्य में चुनाव हो भाजपा अन्य प्रदेश से अपने अजमाये हुए चुनाव जिताऊ दमदार नेताओं को वहाँ भेज सियासी ज़मीन में अपनी पकड़ मजबूत करती रही है। इसी के तहत भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा एवं कुरुद के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा को पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले की 7 विधानसभा सीटों की कमान सौंप वहां कमल खिलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। परिणाम आने के बाद पता चला कि छत्तीसगढ़ से गये भाजपा नेताओं ने वहाँ की सभी सीटों पर विजय पताका फहरा दिया।
श्री सिन्हा ने बताया कि पश्चिम बंगाल की पूर्वस्थली दक्षिण विधानसभा में हमने फरवरी से मार्च तक 266 बूथों में कार्यकर्ताओं की बैठक ली, कई बार साथ बैठ मछली भी खाई, मेलजोल बढ़ाकर उन्हें जीत का फार्मूला समझाया। परिणाम आने के बाद पता चला कि भाजपा प्रत्याशी प्राणकृष्ण तपादार ने टीएमसी के दोबार के मंत्री तपन देवनाथ को 16662 मतों से हरा दिया है।
इसी प्रकार कटवा जिला प्रभारी शिवरतन शर्मा की अगुवाई में हमारी टीम ने सभी सीटों पर जीत का परचम लहराया है। उन्होंने माना कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी के पुरोधा पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जन्म स्थली जिस प्रदेश में भगवा लहराया है, सही मायने में ये जीत देश की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी की अब तक की सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ी जीत है।
इस महत्वपूर्ण विजय पर श्री सिन्हा ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन करते हुए भाजपा परिवार को बधाई दी हैं।


