धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 4 मई। मोदी सरकार द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 की भारी वृद्धि के विरोध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी चन्द्राकर ने सर पर सिलेंडर उठा बीच बाज़ार जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस मूल्य वृद्धि को आम जनता और छोटे व्यापारियों पर सीधा आर्थिक प्रहार बताया।
रविवार को धमतरी में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने बढ़ती मंहगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सिलेंडर को सर पर उठा सडक़ों पर उतरी जिलाध्यक्ष तारणी चन्द्राकर ने केंद्र और राज्य सरकारों पर महंगाई पर नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पांच राज्यों में चुनावी प्रक्रिया समाप्त होते ही कीमतों में वृद्धि कर जनता को झटका दिया है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए यह बढ़ोतरी असहनीय है और इससे छोटे व्यवसाय प्रभावित होंगे। पूर्व विधायक लेखराम साहू ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गैस की कीमतों में भारी वृद्धि कर आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
कमर्शियल गैस की कीमतों में 993 रुपया की वृद्धि होने से नाश्ता प्रति प्लेट 5 एवं भोजन की थाली 10 से 20 रूपया मंहगा हो गया है। गैस के दाम बढऩे से होटल, स्ट्रीट वेंडर और रेस्टोरेंट सहित अन्य फूड प्रतिष्ठानों की हालत खराब हो रही है। अन्य कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि रसोई गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। कांग्रेस ने चेतावनी देते हुए बताया कि यह लड़ाई राजनीतिक नहीं, बल्कि आम जनता के हितों की रक्षा के लिए है। सरकार ने जल्द ही निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक कर इसे सडक़ से लेकर सदन तक लडा़ जाएगा।


