धमतरी
विभिन्न स्थानों पर रखवाया जलपात्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 4 मई। नगर पंचायत भखारा में बेजुबान पशु पक्षियों को स्वच्छ और शीतल जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जगह जगह कोटना रखवाया जा रहा है। ताकि गर्मी से परेशान पशुधन एवं पक्षी अपनी प्यास बुझा सकें। नपं अध्यक्ष की इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है।
नगर पंचायत भखारा भठेली के विभिन्न चौक चौराहे एवं सार्वजनिक स्थानों पर पानी के लिए कोटना,बर्तन रखे जा रहे हैं। मूक पशु पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से न अध्यक्ष ज्योति हरख जैन स्वयं निरक्षण कर इन स्थानों पर स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करती हैं, यह पहल जीव मात्र के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाती है। साथ ही समाज को पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है।
उन्होंने बताया कि गर्मी के दिनों में इंसान अपने लिए पानी की व्यवस्था तो कर लेता है, पर मूक पशु-पक्षियों के लिए यह समय अत्यंत कठिन होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है, ताकि कोई भी जीव प्यासा न रहे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों और मोहल्लों के बाहर पानी से भरे बर्तन अवश्य रखें और नियमित रूप से उनमें पानी भरते रहें।
इस दौरान उन्होंने स्वच्छता को लेकर भी विशेष संदेश देते हुए कहा कि अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें ताकि बीमारियों का खतरा न बढ़े और सभी को स्वच्छ वातावरण मिल सके। नपं अध्यक्ष द्वारा शुरू की गई इस पहल की सराहना करते हुए कई लोगों ने आगे आकर इस अभियान से जुडऩे की इच्छा जताई है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह के छोटे-छोटे प्रयास से समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।


