धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 12 अप्रैल। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे गांव चलो घर चलो अभियान के तहत मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को गति देने ओबीसी कांग्रेस राष्ट्रीय समन्वयक एवं पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष शारदा साहू ने कुरूद विधानसभा के ग्राम पंचायत सुपेला, सिलतरा, सिलीडीह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बैठक ली।
इस बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक श्री साहू ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के संगठन को मजबूत करने हम गांव-गांव घर-घर जाकर कांग्रेस के रीतिनीति एवं केन्द्र और राज्य की सत्ता में रहते हुए लागू कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार कर राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस पार्टी के योगदान का उल्लेख करेंगे। इसके अलावा पार्टी में नए लोगों को जोडऩे, बूथ कमेटी का गठन किया जाएगा।
पूर्व जनपद अध्यक्ष शारदा लोकनाथ साहू ने कहा कि पार्टी हमारी मां है, इमानदारी और कर्तव्य निष्ठा से सेवा करने से इसका फल मिलता है। भय या लोभ की चिंता किए बैगर विचारधारा के साथ चलने का लाभ अवश्य मिलता है। ब्लॉक अध्यक्ष होमेन्द्र साहू ने बताया कि बुथ अध्यक्ष उसी कार्यकर्ता को बनाया जाएगा जो ईमानदारी से पार्टी के लिए कार्य करते आ रहे हैं। भखारा ब्लॉक के कांग्रेसी पार्टी को जीत दिलाने में हमेशा से आगे रहे हैं, उनके लिए देश और प्रदेश बचाने की चुनौती है, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ कांग्रेस के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाये ताकि आने वाले चुनावों में कांग्रेस को जीत मिल सके।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष चुम्मन साहू, सेक्टर अध्यक्ष गौतम साहू, सेक्टर प्रभारी सागर गौर, वरिष्ठ कांग्रेसी यतीश सिन्हा, पुन्नूलाल सिन्हा सहित ग्रामवासी उपस्थित थे।


