धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 अप्रैल। भाजपा स्थापना दिवस के मौके पर नगर पंचायत भखारा में विधायक अजय चंद्राकर ने ऑपरेशन सिंदूर गार्डन एवं लाइवलीहुड कॉलेज का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह गार्डन आने वाले पीढ़ी को भारतीय सेना के पराक्रम की याद दिलाएगी।
सोमवार को नगर पंचायत भखारा में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत जिला आजीविका महाविद्यालय तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा निर्मित उद्यान का फीता काटकर शुभारंभ किया। आईटीआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्री चंद्राकर ने बताया कि भखारा में ऑपरेशन सिंदूर नामक यह उद्यान आने वाले पीढ़ी को भारतीय सेनाओं द्वारा पाकिस्तान को दिए गए मुंह तोड़ जवाब एवं उनकी पराक्रम की याद दिलाएगी। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन में भी सहायक एवं वातावरण को शुद्ध करने में सहायक सिद्ध होगा।
उन्होंने सडक़ किनारे हो रही पेड़ों की कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बेवजह वृक्षों की कटाई न करे। इससे पर्यावरण असंतुलन की खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लाइवलीहुड कॉलेज पर कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए स्किल डेवलपमेंट पर फोकस किया जा रहा है।
बेहतर जीवन के लिए सडक़, बिजली, पानी की तरह कौशल उन्नयन की भी जरूरत है। युवा वर्ग शासकीय नौकरी के पीछे भागना छोड़ कौशल उन्नयन से स्वरोजगार को अपने आजीविका का माध्यम बनाएं। विधायक ने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि मेरे रहते आप लोग विकास कार्यों की चिंता न करें। बहुत कुछ हुआ है, और आगे भी बहुत कुछ होगा। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन,जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, जिपं सभापति पूजा राजू सिन्हा, जनपद सभापति सिंधु बैस, विष्णु साहू, भूपेंद्र चंद्राकर, भीमदेव साहू, रामगोपाल देवांगन, रामस्वरूप साहू, रवि सिन्हा, आनंद यदु, छत्रपाल बैस,इमरान बेग, तहसीलदार भूपेंद्र चंद्राकर, सीएमओ संतोष विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।