धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 4 अप्रैल। सरकार के मंत्रियों, और भाजपा पदाधिकारियों की असम व पश्चिम बंगाल के विस चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। इनमें से जिला सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा भी हैं, जिन्हें बंगाल के कई विधानसभा सीटों की कमान सौंपी गई है।
भाजपा देश भर से अपने काबिल नेताओं को चुनावी राज्यों में भेजती रही है। मंत्री रहते वर्तमान विधायक अजय चन्द्राकर से भी पहले इस तरह के काम लिए जाते रहे हैं। वरिष्ठ नेता कमलेश ठोकने को इस तरह के कामों के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता रहा है, पार्टी ने इस बार भी उनका चयन मेट्रो सिटी कोलकाता के लिए किया है, लेकिन पारिवारिक वजह से वे अभी तक वहाँ नहीं पहुंचे हैं। लेकिन कुरुद के पूर्व नपं अध्यक्ष एवं कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा पिछले दो महीने में दूसरी बार वहां डेरा डाल ममता बैनर्जी के गढ़ में कमल खिलाने के जद्दोजहद में लगे हैं।
मोबाइल से हुई चर्चा में उन्होंने बताया कि होली से पहले वे पश्चिम बंगाल में कई विधानसभा क्षेत्र का दौरा पूरा कर चुके हैं। दूसरे राउंड में उन्होंने कटवा जिले की कलना विधानसभा में आयोजित मंडल स्तरीय बैठक में संगठन को और सशक्त बनाने का फार्मूला बताया। जिसमें छत्तीसगढ़ के शिवरतन शर्मा, भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थ मजूमदार जिला अध्यक्ष स्मृति बसु एवं कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनावों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। पूर्वस्थली दक्षिण विधानसभा में महिला मोर्चा की विधानसभा स्तरीय बैठक में पार्टी प्रत्याशी प्राण कृष्ण तपधार एवं महिला मोर्चा प्रभारी लक्ष्मी सिंह के साथ केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।
इसी तरह धात्री ग्राम मंडल में आयोजित संगठनात्मक बैठक में सभापति विश्वजीत प्रमाणिक, सुरजीत घोष, शक्ति केंद्र प्रमुख एवं मातृशक्ति कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव प्रचार-प्रसार एवं रणनीति पर चर्चा किया गया। दुर्गापुर में हुई संभाग स्तरीय चुनावी बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, सक्रिय भागीदारी और बूथ स्तर तक सशक्त रणनीति पर विशेष चर्चा हुई। सभी को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ चुनाव में काम करने का संकल्प दिलाया गया।
श्री सिन्हा ने बताया कि इस बार पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है। ग्रामीण क्षेत्र में ‘पाल्टानो दोरकार, चाई बीजेपी सोरकार ’ के नारे लग रहे हैं। समर्पित कार्यकर्ताओं ने बंगाल में विकास, सुशासन एवं जनकल्याण हेतु भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लिया है। जन-जन का विश्वास, कार्यकर्ताओं का उत्साह और मातृशक्ति की भागीदारी ही हमारी जीत का आधार बनेगा।


