धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 अप्रैल। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कुरूद विधानसभा में मार्च के अंतिम सप्ताह में राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में होने वाली रैली पांच राज्यों में होने वाले चुनाव एवं मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध से उपजे हालात के चलते टल गई है। अब इस रैली को अप्रैल में तय होने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने मनरेगा का नाम बदल जी राम जी करने पर केंद्र सरकार की घेराबंदी के लिए मनरेगा बचाओ अभियान का बिगुल फूंका है। इस राष्ट्रीय आंदोलन को देश भर में संग्राम का रूप देने के लिए विभिन्न राज्यों में राष्ट्रीय नेताओं का कार्यक्रम कराने का फैसला लिया गया। इसी के तहत छत्तीसगढ़ के कुरुद विधानसभा में कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जंगी सभा कराने का निर्णय लिया गया। जिसके लिए बीते 20 फरवरी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू अचानक कुरूद पहुंचे और खेल मेला मैदान, अटल बिहारी बाजपेयी स्टेडियम तथा नई मंडी का मुआयना सभा स्थल के लिए किया था।
तब बताया गया था कि 25 मार्च के यहाँ पार्टी विशाल जनसभा करेगी, जिसकी गूंज दिल्ली के गलियारों तक सुनाई देगी। राहुल गांधी के कुरुद आने की खबर से कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह का संचार हुआ था। तब राजनीतिक पंडितों ने माना कि कुरूद का चयन एक सोची-समझी रणनीति के तहत किया गया है। क्योंकि यह क्षेत्र राजनीतिक जागरुकता और कृषि ग्रामीण आबादी का गढ़ है, जहाँ मनरेगा की मजदूरी हजारों परिवारों की लाइफलाइन है।
राहुल गांधी यहाँ से सीधे उन गरीब और मजदूरों के दिल में पैठ बनाना चाहते हैं, जो केंद्र की नीतियों से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कांग्रेसी नेताओं ने कहा था कि यह सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि आर-पार की जंग होगी, केन्द्र ने योजना का नाम बदलने के साथ साथ बजट में कटौती मनरेगा का गला घोंटने एवं ग्रामीणों की आजीविका का गला घोंटने का काम किया है। लेकिन कांग्रेस के कार्यक्रमों को लेकर जैसे आशंका होती है ठीक वही हुआ, कांग्रेस की प्रस्तावित रैली टल गई है। मनरेगा रैली की नई तिथि को लेकर पीसीसी से कोई संकेत नहीं मिलने पर जिला संगठन ने तारीख आगे बढ़ा दी है।
इसी तरह संगठन सृजन के तहत सभी जिलों में नियुक्त नए जिला अध्यक्षों समेत अन्य पदाधिकारियों के प्रशिक्षण की भी तैयारी थी। यह कार्यक्रम भी टलता नजर आ रहा है। इसमें भी राष्ट्रीय स्तर के विषय विशेषज्ञों समेत अन्य राष्ट्रीय नेताओं के आने का कार्यक्रम था।
इस संबंध में धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी नीलम चन्द्राकर का कहना है कि संसद का सत्र, अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की वजह से प्रस्तावित रैली आगे बढ़ा दी गई है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट को पार्टी ने केरल का सीनियर आब्जर्वर बनाया हैं, एआईसीसी चीफ और एलओपी की व्यस्तता के चलते कुछ समय के लिए छत्तीसगढ़ में होने वाले मनरेगा बचाओ संग्राम को टाला गया है।


