धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 31 मार्च। नगर पालिका कुरूद के साधारण सम्मिलन में अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। जिसमें विचार विमर्श कर परिषद ने 25 लाख रुपये लाभ का बजट सर्वसम्मति से पारित किया। बजट सत्र में नगर मे 2 मेगावाट का सोलर बिजली उत्पादन प्लांट लगाने शासन से स्वीकृति लेने संबधी प्रस्ताव पर गौर किया गया।
नगर पालिका कुरूद के सभाकक्ष में परिषद की सामान्य सभा को बजट सत्र के रूप में परिवर्तित करते हुए अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर द्वारा बजट एजेंडा सहित आदर्श समृद्धि नगर विकास के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने, कुरूद नगरपालिका अंतर्गत विधुत बचत करने नगर मे 2 मेगावाट का सोलर बिजली उत्पादन हेतु प्लांट संयंत्र लगाने शासन से स्वीकृति-सब्सिडी प्रस्ताव, नगर विकास कार्यों के निविदाओं का अनुमोदन सहित कुल 12 बिंदुओं में प्रस्ताव लाया गया। परिषद के सदस्यों ने चर्चा उपरांत पिछले बजट मे 5 लाख रुपये लाभ बजट से प्रगति करते हुए इस वित्तीय वर्ष के लिए 25 लाख लाभ का बजट सर्वसम्मति से पारित किया।
अध्यक्ष एवं परिषद के सदस्यों ने कुरूद नगरपालिका को आदर्श समृद्धि नगर में शामिल करने के लिए राज्य शासन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया, शासन के गाइडलाइन के अनुरूप नगर के समस्त वार्डों के लिए छोटे बड़े सभी प्रकार के कार्यों के लिए कुरूद को आदर्श नगर बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का वार्षिक ठेका अब जैम पोर्टल से करने का निर्णय परिषद ने लिया है।
बैठक में मूलभूत सुविधाओं एवं गर्मी मौसम मे जल संकट संबंधी कार्य को पालिका निधि से कराने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर उपाध्यक्ष देवव्रत साहु, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, नेता प्रतिपक्ष डूमेश साहु, सभापति मिथलेश बैस, सितेश सिन्हा, महेन्द्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, पार्षद उत्तम साहु, रजत चन्द्राकर, उर्वशी चन्द्राकर, कविता चन्द्राकर, अर्जुन ध्रुव, राखी चन्द्राकर, मनीष साहु, मंजू प्रमोद साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेंद्र गुप्ता, इंजीनियर कमलेश साहु आदि मौजूद थे।


