धमतरी

डामर प्लांट के धुएं से स्कूली बच्चों की सेहत खतरे में
31-Mar-2026 3:57 PM
डामर प्लांट के धुएं से स्कूली बच्चों की सेहत खतरे में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 31 मार्च।
स्कूल के पास लगे डामर प्लांट से निकलने वाले जहरीले धुएं से बच्चे और ग्रामीण असमय बीमार पड़ रहे हैं।
 ज्ञात हो कि कुरूद ब्लॉक अंतर्गत मेगा फूड पार्क के समीप ग्राम बंजारी में स्थित सेंट आंस इंग्लिश मीडियम स्कूल के पास लगे डामर (अस्फाल्ट) प्लांट से निकलने वाले जहरीले धुएं ने सैकड़ों विद्यार्थियों के लिए गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि प्लांट से उठने वाला काला और बदबूदार धुआं हवा का रुख बदलते ही सीधे स्कूल परिसर में पहुंच जाता है। सुबह प्रार्थना करते समय उन्हें नाक मुंह बंद करना पड़ता है।
 प्रत्यक्षदर्शियों के माने तो सुबह, दोपहर, शाम धुएं का प्रभाव सबसे अधिक देखा जाता है। स्कूली बच्चों को साथ-साथ ग्रामीणों की आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ और सिरदर्द जैसी समस्याएं होने लगी हैं।
कुछ अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे घर लौटने के बाद लगातार खांसी और बेचैनी की शिकायत कर रहे हैं। हम अपने बच्चों को पढऩे भेजते हैं, न कि जहरीली हवा में बीमार होने के लिए।
स्थानीय निवासियों ने भी इस मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना है कि डामर प्लांट न केवल स्कूल के लिए बल्कि पूरे इलाके के लिए स्वास्थ्य पर खतरा बन चुका है।

विशेषज्ञों के अनुसार, डामर प्लांट से निकलने वाला धुआं गंभीर श्वसन रोगों का कारण बन सकता है, खासकर बच्चों के लिए यह बेहद खतरनाक है क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि बच्चे स्कूल परिसर में खड़े होकर प्रार्थना करते हैं, तब डामर प्लांट के जहरीले धुंए से बचने उन्हें अपनी नाक मुंह बंद करना पड़ता है, क्लास रूम में भी यही स्थिति होती है।
बच्चों की सेहत पर पडऩे वाले विपरीत प्रभाव से चिंतित अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने डामर प्लांट के जहरीले धुंए से बचाने एसडीएम और कलेक्टर से गुहार लगाकर डामर प्लांट को स्कूल क्षेत्र से दूर स्थानांतरित करने, प्रदूषण जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई, बच्चों की स्वास्थ्य जांच हेतु विशेष मेडिकल कैंप लगाने की मांग की है।
इस मामले में कुरुद एसडीएम नभसिंह कोसले का कहना है कि उद्योग एवं पर्यावरण विभाग से इस मामले की रिपोर्ट तलब की गई है, इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट