धमतरी

भाजपा सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है-अजय
28-Mar-2026 4:28 PM
भाजपा सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है-अजय

कुरुद में पांच दिनी दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 28 मार्च। भाजपा कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से कुरुद में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ विधायक एवं प्रखर वक्ता अजय चन्द्राकर ने किया। शिविर में कुरुद विधानसभा के 4 भाजपा मंडल के 742 चयनित लोगों ने अलग-अलग 8 सत्रों में सहभागिता दर्ज कर पार्टी का इतिहास, बूथ प्रबंधन से लेकर आधुनिक संचार माध्यमों के उपयोग से खुद को अपग्रेड करने की विधि सीखी।

 स्वामी विवेकानंद मगल भवन परिसर कुरुद में 22 से 26 मार्च तक राष्ट्र प्रथम संगठन सर्वोपरि के मूल मंत्र के साथ दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का आयोजन किया गया। जिसमें 22-23 मार्च को कुरुद मंडल, 23-24 मार्च को मेघा मंडल, 24-25 को भखारा मंडल और 25-26 मार्च को सिर्री भाजपा मंडल के कार्यकताओं ने पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया।

शिविर का शुभारंभ पार्टी पताका के ध्वजारोहण एवं महापुरुषों, भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने शुरुआती भाषण में कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत, पार्टी की जड़ें सिंचने वाले भुले बिसरे पुराने कार्यकर्ताओं के योगदान का उल्लेख, पार्टी की रीति नीति, वैचारिक प्रतिबद्धता, बदले दौर में आईटी सेल की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सेवा, समर्पण और अनुशासन को अपने जीवन का आधार बनाएं तथा जनसेवा के माध्यम से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

पूर्व मंत्री चंद्राकर ने अगले सत्र में कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ संगठन की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और टीम भावना का संचार होगा, जिससे संगठन और अधिक प्रभावी बनता है। इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर, पूर्व विधायक रंजना साहू, पिंकी ध्रुव, प्रकाश बैस, विकल गुप्ता, सुरेश अग्रवाल, श्याम साहू, हरख जैन, छत्रपाल बैस, रामस्वरूप साहू आदि नेताओं ने वैचारिक अधिष्ठान, कार्य पद्धति, सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर, सरकार की उपलब्धि, सोशल मीडिया का उपयोग आदि विषय में विस्तार से समझाया।

अंत में आनलाईन परीक्षा हुई जिसमें सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भेंट किया गया। एक मंडल का करीब डेढ़ दिन चले प्रशिक्षण सत्र में अलग अलग विषय में अलग अलग वक्ताओं ने अपनी बात कही।

इस प्रकार पांच दिनों में कुल 32 सत्र लगाए गए। प्रशिक्षण में प्रदेश संगठन एवं मोर्चा प्रकोष्ठ पदाधिकारी, नगरीय निकाय, त्रिस्तरीय पंचायत के निर्वाचित सदस्य, सोशल मीडिया प्रभारी सहित 742 लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम प्रभारी तिलोकचंद जैन, भानु चन्द्राकर ने प्रशिक्षण शिविर के सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागी सदस्य का आभार व्यक्त किया है।


अन्य पोस्ट