धमतरी

फूड पार्क के नैविक ऑयल प्लांट में लगी आग, तीन मजदूर झुलसे
27-Mar-2026 11:16 PM
फूड पार्क के नैविक ऑयल प्लांट में लगी आग, तीन मजदूर झुलसे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कुरूद, 27 मार्च। कुरुद के समीप बगौद मेगा फूड पार्क स्थित नैविक ऑयल एंड साल्वेंट प्लांट में आग लगने से तीन श्रमिक बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरूद में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही कुरूद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तत्परता से आग पर काबू पा लिया। इस औद्योगिक हादसे से सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गये हैं।

रायपुर जगदलपुर नेशनल हाइवे से करीब डेढ़ किमी दूर बगौद फूड पार्क में गुरुवार रात नैविक ऑयल एंड साल्वेंट प्लांट में आग लग जाने से अफरा तफरी मच गई। बताया गया है कि इस प्लांट में धान भूसे से राइस ब्रान खाद्य तेल का निर्माण किया जाता है। प्लांट परिसर में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था, तभी अचानक निकली चिंगारी ने पास में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ में आग लग गई, जो देखते ही देखते आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके चपेट में आकर यहाँ काम कर रहे तीन श्रमिकों के हाथ एवं पैर झुलस गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरूद भेजा गया।

घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग ज्यादा फैल नहीं सकी और एक बड़ा हादसा टल गया। आइल प्लांट जैसी ज्वलनशील फैक्ट्री में आग लगने से औद्योगिक सुरक्षा में प्रबंधन द्वारा बरती जा रही लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता उजागर हुई है। समय रहते इसमें सुधार नही हुआ तो कभी भी क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है, वहीं प्लांट प्रबंधन से सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।


अन्य पोस्ट