धमतरी

छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर के मेले में चाकूबाजी
27-Mar-2026 11:14 PM
छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर के मेले में चाकूबाजी

कुरूद, 27 मार्च। कुरुद के छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में चल रहे चैत्र नवरात्रि मेला स्थल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक पर चाकू से हमला हो गया। इस हमले में घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल कुरूद में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के गुरुवार को कुरुद थानांतर्गत ग्राम नवागांव (थुहा) निवासी मोहित साहू अपने दोस्तों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर कुरूद मेला घूमने आया था। रात करीब 12 बजे घर लौटने के दौरान, जब उसके अन्य साथी ऑटो में बैठ चुके थे, तभी कुछ युवकों ने मोहित और उसके दो साथी गिरेंद्र व सोनू को जबरन अपने ऑटो में बैठने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।  इस दौरान किसी अज्ञात युवक ने मोहित पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं। घटना को लेकर अब पुरानी रंजिश का एंगल भी सामने आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, गणेश पक्ष के दौरान नवागांव में कुरूद के कुछ युवकों के साथ  मारपीट हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी घटना का बदला लेने के लिए आरोपियों ने मेला में मोहित और उसके साथियों के साथ मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर दिया।

घायल मोहित ने बताया है कि हमलावरों में से एक युवक को वह पहचानता है, जो उनके गांव में हुए झगड़े में शामिल था। बाहरहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट