धमतरी

चना खरीदने के लिए किसानों से हो रही अवैध उगाही-आरोप
26-Mar-2026 5:51 PM
चना खरीदने के लिए किसानों से हो रही अवैध उगाही-आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 26 मार्च।
ऐन केन प्रकरण किसानों की आय दोगुनी करने की मुहिम में जुटी सरकार ने धान के बाद किसानों की उन्हारी फसल को भी समर्थन मूल्य में खरीदने का निर्णय लिया है। लेकिन क्रियांवयन एजेंसी चना खरीदने के एवज़ में अवैध उगाही कर सरकार की मंशा में पलीता लगाने का काम कर रही है। कुरुद सोसायटी का ऐसा ही एक मामला उजागर हुआ है, जिसमें किसानों से चना खरीदने के नाम पर गुपचुप तरिके से राशि वसूली जा रही है।
प्राप्त जानकारी अनुसार जिला प्रशासन ने कुरुद क्षेत्र की दो सहकारी समिति कातलबोड और कुरुद में क्षेत्रीय किसानों की उन्हारी फसल खरीदने के लिए अधिकृत किया गया है। तीन दिन पहले यहाँ विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने लाव लश्कर के साथ कुरुद सोसायटी में चना खरीदने का शुभारंभ किया था। उनके लौटते ही चना खरीदी के लिए तैनात अधिकारियों ने अपना खेल शुरू कर दिया।

पूर्व मंत्री एवं  विधायक अजय चन्द्राकर के गृह नगर में चना खरीदी के आड़ में अवैध उगाही की जानकारी सोशल मीडिया में एक वकील ने डाली तब इसका खुलासा हुआ। तब कई पीडि़त भी पूरा धान नहीं खरीदने और इस तरह के अधिकारी राज से होने वाली परेशानी के लिए सरकार के खिलाफ सोशल प्लेटफार्म पर खुलकर लिखने लगे। पीडि़त किसानों ने बताया कि चना में मास्चर और कचरा होने के नाम पर खरीदने से मना किया जाता है, पर कुछ लेने देन के बाद उसी चना को ग्रेडिंग में पास करने का खेल चल रहा है।

इस बारे में कुरुद सोसायटी प्रबंधक त्रिलोचन बांसकार से पूछने पर उन्होंने बताया कि चना खरीदने का काम अन्य एजेंसी नेफेड के द्वारा किया जा रहा है। उनके द्वारा ग्रेडिंग किए जाने के बाद हम तौलने, भरने और स्टेक लगाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में यहाँ 1744 कट्टा चना खरीदा गया है। उन्होंने किसानों से विक्रय हेतु साफ सुथरा और सुखा चना लाने का आग्रह भी किया। अवैध उगाही के संबंध में उनका कहना है कि इसका जवाब तो नेफेड के लोग ही दे सकते हैं। कुरुद में चना खरीदने की जिम्मेदारी निभा रहे संतोष सिंग से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया इसलिए उनका पक्ष नहीं लिया जा सका। बाहरहाल कुरुद में किसानों से हो रही अवैध वसूली के खिलाफ माहौल बनने लगा है, विपक्षी पार्टी भी इस मुद्दे को लेकर प्रशासन को घेरने की तैयारी कर रही है।


अन्य पोस्ट