धमतरी

महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप में 52 टीमों ने लिया भाग
23-Mar-2026 6:44 PM
महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप में 52 टीमों ने लिया भाग

गंगरेल बांध में नौकायान प्रतियोगिता आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 23 मार्च। धमतरी जिले के गंगरेल बांध में पहली बार महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन कर नया इतिहास रचा गया। इस जल, खेल और संस्कृति के संगम में 52 टीमों ने भाग लेकर निश्छल जल तरंग पर हाथों में पतवार लेकर अपनी नौका दौडा़ दम खम दिखाया।

रविवार को बांध के जलधारा पर गंगरेल नौकायान उत्सव के अंतर्गत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। मचान हाट प्वाइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी में आयोजित इस रोमांचक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अद्भुत गति, संतुलन और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर उत्साह, रोमांच और जनसहभागिता का अद्वितीय संगम देखने को मिला। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में धमतरी सहित समीपवर्ती जिलों कांकेर एवं बालोद की कुल 52 टीमों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन क्षेत्रीय स्तर पर एक बड़े खेल महोत्सव के रूप में उभरकर सामने आया।

इस आयोजन की उल्लेखनीय विशेषता ग्रामीण अंचलों की महिला प्रतिभागियों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी निभा महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका आत्मविश्वास और साहस सभी के लिए अनुकरणीय रहा।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बोट क्रमांक 4 रोमार एवं जीतु निषाद तिर्रा को प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये, बोट क्रमांक 1 सत्वंत एवं मिथलेश मंडावी कोलियारी को द्वितीय पुरस्कार 50,000 रुपये बोट क्रमांक 10 कोमल निषाद एवं महेश्वर कुरेटरी, तिर्रा को तृतीय पुरस्कार 25,000 रुपये प्रदान किया गया।

इसके अलावा वेशभूषा हेतु पवनबाई एवं देवबती निषाद, तिर्रा, सजावट के लिए रामनरायण नेताम एवं रिशीराम निषाद, सटीयारा को अतिथियों द्वारा ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही बोट सजावट के लिए 11,000 के विशेष पुरस्कार, महिला प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने  15,000, 10,000 एवं 5,000 के सांत्वना पुरस्कार की घोषणा की गई।

विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण पहल बताया। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं में खेल एवं साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित होगी।


अन्य पोस्ट