धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 22 मार्च। विकास कार्यों एवं रोजगार नियोजन के अवसरों का विरोध करना आसान है लेकिन ऐसे लोगों को इन चीजों का विकल्प बताना चाहिए। आने वाले समय में कुरुद का ऐसा विकसित होगा कि इसे पहचानना मुश्किल हो जाएगा। उक्त बातें विधायक अजय चन्द्राकर ने कुरुद में सहायक वन संरक्षक अनुसंधान एवं विस्तार कार्यालय के शुभारंभ करते हुए कही।
रविवार को वीर सावरकर संकुल गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अजय चंद्राकर ने सहायक वन संरक्षक अनुसंधान एवं विस्तार कार्यालय एवं डॉ. खेतराम चंद्राकर स्मृति स्मार्ट लाइब्रेरी का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रशासन के विकेंद्रीकरण का लाभ जनता को मिले इसी उद्देश्य से यहां अधिकांश विभागों के सब डिविजन कार्यालय खुलवाये गए। नया कार्यालयों खुलने से प्रशासनिक, व्यापारिक एवं सामाजिक लाभ मिलता है।
श्री चंद्राकर ने बताया कि पहले कुरुद विधानसभा के लुगे, छिपली आदि गांवों से जंगल शुरू होकर आंध्र और तेलंगाना तक जाता था, लेकिन अब यह विस्तार घटने लगा है। पर्यावरण संरक्षण के बिना दैनिक जीवन संभव नहीं। यही सोचकर मैंने जनप्रतिनिधि होने के नाते इस क्षेत्र में बड़ा निवेश किया है। ताकि शहरों के मुकाबले कुरुद का तापमान कुछ कम ही रहे। उन्होंने कहा कि हम अपने 52 फीसदी पानी का दोहन कर पा रहे हैं बचे 48 प्रतिशत का सदुपयोग हो इसके लिए प्रयास जारी है।
इसी दिशा में यह वन संरक्षक अनुसंधान एवं विस्तार कार्यालय सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कुरुद से जुड़े विकास योजना जो अभी कुछ पाइपलाइन में और कुछ स्वीकृत कार्यों से नगर और आसपास के गांव का नक्शा बदल जाएगा। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में औधोगिक विकास के विरोध में उठने वाली आवाज को प्रायोजित बताते हुए कहा कि भालुझूलन, डांडेसरा में किसी भी ग्रामीणों की एक इंच भी जगह नहीं आ रही है फिर भी इसका विरोध करने वाले लोगों को जनहित के मामलों में परिपक्वता दिखना चाहिए। इसके पूर्व डीएफओ कृष्ण कुमार जाधव ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।
नपा अध्यक्ष ने वन अनुसंधान एवं विस्तार कार्यालय के शुभारंभ पर बधाई देते हुए समय समय पर विभाग से संबंधित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर बतौर अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, जिपं उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू, गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, भखारा नपं अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, जनपद सभापति सिंधु बैस, पूर्व नपं अध्यक्ष रविकांत चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, रवि सिन्हा, डॉ लोकेश साहू,विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर, लोकेश्वर सिन्हा,भूपेंद्र चंद्राकर, पंकज नायडू,कुलेश्वर चन्द्राकर, हरिशंकर सोनवानी, होरीलाल साहू, आदि उपस्थित थे। आभार प्रदर्शन नवनियुक्त एसडीओ तरुण तिवारी एवं मंच संचालन बीआरसीसी कुलेश्वर सिन्हा ने किया।


