धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 21 मार्च। नगर पालिका कुरूद में विकास योजनाओं को हरी झंडी दिखाने पीआईसी. बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सदस्यों ने 11 बिंदुओं वाले एजेण्डे पर विचार विमर्श उपरांत करीब दो करोड़ से अधिक राशि के निविदाओं को स्वीकृति प्रदान किया।
अध्यक्ष चेम्बर में 20 मार्च को नगरपालिका का सातवां पीआईसी बैठक अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर के अध्यक्षता मे हुई। बैठक में नगर विकास से जुड़े 11 बिंदुओं वाले एजेण्डे जिसमें प्रत्येक वार्डो में रोड, नाली, मरम्मत कार्य, पानी, बिजली सहित मूलभूत कार्यों को लेकर विचार विमर्श के बाद लगभग दो करोड़ से अधिक राशि के निविदा को स्वीकृति प्रदान किया गया। साथ ही अध्यक्ष के घोषणानुसार केनाल रोड कुरूद में चन्द्राकर भवन के सामने आदमकद छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा एवं चौक सौन्दर्यीकरण, तहसील कार्यालय के बाजू में स्थित सुभाष चन्द्र बोस की पुराने मूर्ति को बदलकर नेता जी की आदमकद आकर्षक प्रतिमा स्थापित करने सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया।
इसी प्रकार ग्रीष्मकालीन जल संकट से निपटने पेयजल हेतु बोरखनन कार्य, छोटा पानी टंकी निर्माण सहित आवश्यक पेयजल कार्यों के लिए भी मंजूरी दी गई। अध्यक्ष श्रीमती चन्द्राकर ने बताया कि विधायक अजय चन्द्राकर के रहते हमें फंड की चिंता नहीं है, हमें नगर विकास के प्रस्ताव बनाने और स्वीकृति उपरांत कार्य को मूर्तरूप देने का काम करना है। नगर को सुंदर बनाने एवं व्यवस्थित बनाने में परिषद के साथी जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी भी खासा सहयोग कर रहे हैं। बैठक में उपाध्यक्ष देवव्रत साहु, सभापति मिथलेश बैस, महेन्द्र गायकवाड़, सितेश सिन्हा, राजकुमारी ध्रुव, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, सलाहकार समिति सदस्य कविता चन्द्राकर, रवि मानिकपुरी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेन्द्र गुप्ता, इंजीनियर श्री साहू, नवीन चन्द्राकर आदि कर्मचारी सम्मिलित हुए।


