धमतरी

मगरलोड जनपद की सामान्य सभा में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा
21-Mar-2026 4:15 PM
मगरलोड जनपद की सामान्य सभा  में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 21 मार्च। मगरलोड जनपद पंचायत कार्यालय में 20 मार्च को सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। जिसमें क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

 बैठक के दौरान बीएमओ डॉ.शारदा ठाकुर द्वारा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 14 वर्ष की बालिकाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। इस संबंध में उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने का आग्रह किया गया।

समीक्षा बैठक में वर्तमान में संचालित विशेष टीकाकरण कार्यक्रम, शिशु संरक्षण माह तथा विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट पीएम जनमन गाड़ी के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों की स्थिति, आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति से भी सभा को अवगत कराया गया।

 बैठक में जनपद अध्यक्ष वीरेन्द्र साहू, उपाध्यक्ष खिलेश साहू, सभापति राजेश साहू आदि जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने, स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने तथा टीकाकरण एवं जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने जोर दिया। इस अवसर पर जनपद सदस्य तिलोत्तमा साहू, सरिता कश्यप, नंदनी साहू, बबीता ध्रुव, डुगेसवरी साहू, हेमलता साहू, विनीता साहू, अनीता देशमुख, कविता सिन्हा, राजकुमारी, कृष्णा ध्रुव, मूलचन्द साहू, सीईओ दिव्या ठाकुर, दीपक भीमगज, शेखर साहू, विनीत जैन, केवल कंवर, पूनम साहू, नंदनी साहू सहित अन्य जनपद सदस्य एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।।


अन्य पोस्ट