धमतरी

पहले ही प्रयास में डायमंड ने यूपीएससी में की 623वीं रैंक हासिल
20-Mar-2026 10:50 PM
पहले ही प्रयास में डायमंड ने यूपीएससी में की 623वीं रैंक हासिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 20 मार्च।
धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम परसवानी निवासी मेधावी युवा डायमंड सिंह ध्रुव ने देश की सबसे प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 623वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है। एसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि उन्हें आईपीएस कैडर प्राप्त हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी डायमंड सिंह ध्रुव का चयन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के माध्यम से डीएसपी पद पर हो चुका है। कम उम्र में मिली यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।उनकी इस उपलब्धि पर पूरे ध्रुव, गोंड आदिवासी समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कुरूद तहसील, परिक्षेत्र, पाली के पदाधिकारी एवं समाजजनों ने उनके निजी निवास पर जाकर उनसे भेंट किया और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समाजजनों ने कहा कि डायमंड की सफलता यह दर्शाती है कि कड़ी मेहनत, लगन एवं समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर श्यामसुंदर ध्रुव, बसंत ध्रुव, ललित ठाकुर, संतोष सोरी, लकेश्वर नेताम, तेजराम छेदैया, राधेलाल मंडावी, रामायण, कमलेश ध्रुव, दिलीप ठाकुर, अशोक, हरिराम, हेमंत ठाकुर आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट