धमतरी

छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में लगेगा भव्य मेला, तैयारी जोरों पर
20-Mar-2026 10:41 PM
छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में लगेगा भव्य मेला, तैयारी जोरों पर

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 20 मार्च।
हिन्दू नववर्ष के आगमन के साथ नगर में चैत्र नवरात्रि की चहल पहल और आस्था पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल नजर आने लगा है। प्रथम दिवस पर माँ छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में संस्थापक पूर्व विधायक गुरमुख सिंह होरा ने सपत्नीक पहुँचकर ज्योत प्रज्ज्वलित कर सबके सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

चंडी मंदिर, शीतला माता सहित अन्य आस्था केन्द्रों में विशेष पूजा-अर्चना कर दीप जलाए गए।
बुधवार को हिन्दू नववर्ष के आगमन के साथ जय माँ काली छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर, माँ चंडी मंदिर कुरूद सहित अंचल के विभिन्न देवी मंदिरों में विधिवत ज्योति कलश स्थापना, आरती-पूजन एवं प्रसादी वितरण किया गया।
काली माता मंदिर के व्यवस्थापक सेवक राम से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष मंदिर परिसर में 502 तेल ज्योति कलश एवं 43 घी के मनोकामना दीप प्रज्ज्वलित किए गए हैं, जिससे पूरा मंदिर परिसर जगमग हो रहा है।  इसी तरह नगर की अराध्य देवी माँ चंडी, शीतला माता,  सहित  घरों में भी ज्योत जावरा स्थापित किया गया है।

चैत्र नवरात्रि पर हर वर्ष छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर कुरूद में भव्य मेला लगता है। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
इस वर्ष मेले में ऑक्टोपस झूला, टोरा-टोरा, हवाई झूला, सुपर ड्रैगन, ब्रेकडांस झूला, भूत बंगला, मिक्की माउस, टाइटैनिक, रेंजर झूला, बेबी झूला, ट्रेन सालंबो, मौत का कुआं, मोटर बाइक एवं स्कॉर्पियो स्टंट शो अपना जलवा बिखेरेंगे, साथ विभिन्न राज्यों, शहरों से आई सुसज्जित दुकानें, मीना बाजार सहित मनोरंजन के अन्य साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। चैत्र नवरात्रि मेले में इस बार भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमडऩे की संभावना है।


अन्य पोस्ट