धमतरी
72 घंटे में सूचना देकर लें बीमा लाभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 मार्च। दो दिन पहले जिले में हुई ओलावृष्टि एवं असामयिक वर्षा से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन ने कृषकों से अपील की है कि वे समय पर सूचना देकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त करें।
धमतरी जिला कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रबी मौसम वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिन अधिसूचित ग्रामों के किसानों ने फसल बीमा कराया है और उनकी फसल ओलावृष्टि या असामयिक वर्षा से प्रभावित हुई है, वे किसान अपनी क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को देना सुनिश्चित करें। इसके लिए किसान अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से टोल फ्री नंबर 14447 एवं 18004190344 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बताया गया है कि समय सीमा के भीतर सूचना दर्ज कराने पर ही बीमा दावा मान्य होगा, जिससे कृषकों को प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति की भरपाई मिल सकेगी। किसानों की सुविधा के लिए बीमा कंपनी द्वारा नियुक्त अभिकर्ता एवं कृषि विभाग का मैदानी अमला भी सहायता प्रदान कर रहे हैं। कलेक्टर ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में अपनी फसल क्षति की जानकारी दर्ज कराएं, ताकि उन्हें शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके।


