धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 मार्च। देशभर में एलपीजी के दाम बढऩे एवं किल्लत को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने इसे सरकार की जनता के प्रति असंवेदनशीलता बताते हुए कहा कि देशवासियों को एलपीजी के अभाव में खाना पकाने के पारंपरिक तरीकों की ओर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
धमतरी में आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर बताया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते घर की रसोई से सिलेंडर गायब हो गया है। देश में लोग गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े हैं, सार्वजनिक कैंटीन समेत कई प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं।
श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि जिस तरह नोटबंदी के दौरान और कोविड-19 के दौरान ऑक्सीजन की कमी के समय लोगों को कतारों में खड़ा होना पड़ा था, उसी तरह आज पूरा देश गैस सिलेंडर के लिए कतार में खड़ा है। प्रदेश में भाजपा ने चुनाव के समय मोदी की गारंटी को लेकर 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा प्रदेश की जनता से किया था, लेकिन आज मोदी की जुमले वाली गारंटीयों का परिणाम देश के साथ प्रदेश की जनता को भी भुगतना पड़ रहा है।
कुरुद के पूर्व विधायक लेखराम साहू ने डबल इंजन की सरकार को ललकारते हुए कहा कि पहले जो सिलेंडर 924 में मिल रहा था अब उसकी कीमत 984 हो गई है, कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है जो 115 से 144 रुपये तक महंगी हो गई है। उज्जवला गैस कनेक्शन धारकों के लिए अब 7 से अधिक सिलेंडर लेने पर सब्सिडी बंद, सिलेंडर बुकिंग हेतु अब 25 दिनों का इंतजार करना पड़ेगा, बढ़ती महंगाई के कारण लोग खाना बनाने के लिए लकड़ी या अन्य पारंपरिक ईंधन का सहारा ले रहे हैं। धरना-प्रदर्शन में जिले के कांग्रेसी नेता बड़ी संख्या में शामिल थे।


