धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 11 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जोरातराई में महतारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें अतिथियों द्वारा मुख्यमंती कन्या विवाह योजना से लाभान्वित हुए जोड़े को प्रमाण पत्र वितरण किया गया।
कुरुद विकासखंड के ग्राम पंचायत जोरातराई में आयोजित महतारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू ने कहा कि नये दौर की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण से समाज को नई दिशा दे रही हैं, प्रदेश सरकार भी महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजना चला रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग सभापति सिन्धु बैस ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व की दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
भखारा नपं अध्यक्ष ज्योति जैन ने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। महिलाओं का सम्मान और उनकी भागीदारी से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। परियोजना अधिकारी सरिता कुशवाहा ने विभागीय योजनायों की जानकारी देते हुए महिलायों को आर्थिक, सामाजिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, सभापति, पूजा सिन्हा, कुलेश्वरी गायकवाड़, जनपद सदस्य आनंद यदु, ललीता भतपहरी, गंगा साहू, सरपंच पूर्णिमा रामस्वरूप साहू, ईश्वर निषाद, गौतमी पटेल, भूपेस्वरी चंदेल आदि उपस्थित थे।


