धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 9 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक साल पहले आज ही के दिन नगर की बागडोर सम्भालने वाली नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने सम्मान के बहाने पत्रकारों को अपने घर पर आमंत्रित कर शाल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। तदपश्चात उन्होंने मिडिया को बीते 365 दिनों में हासिल उपलब्धि और भविष्य की कार्ययोजना से अवगत कराया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ज्योति कुंज में आयोजित एक सादे समारोह में नगर पालिका कुरूद अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने नगर के पत्रकारों का शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इस मौके पर उन्होंने बीते एक वर्ष की उपलब्धियों का लेखा-जोखा रखते हुए कहा कि एक वर्ष के भीतर हमने परिषद सदस्यों के सहयोग और नगरवासियों आशीर्वाद से नगर पंचायत से नगर पालिका तक का सफर पूरा किया। साथ ही खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता जैसे बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया है।
उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में 5 करोड़ की लागत से बैडमिंटन कोर्ट, 3 करोड़ की लागत से इंडोर स्टेडियम, 3 एकड़ भूमि में नया पालिका कार्यालय भवन, एम्फी थिएटर, 100 बिस्तर अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए 4 एकड़ जमीन पर कचरा प्रबंधन कार्य विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा मांगलिक भवन, अब्दुल कलाम गार्डन का जीर्णोद्धार, प्रमुख सडक़ों पर लाइट व्यवस्था और महापुरुषों की मूर्तियों की स्थापना जैसे कार्य पूर्ण किए गए। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने मुक्तिधाम का सौंदर्यीकरण, मुस्लिम कब्रिस्तान में सीसी रोड और ईसाई कब्रिस्तान में शेड निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने नगर के विकास में मीडिया की सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर ने बताया कि विधायक अजय चन्द्राकर के प्रयास से नगर पालिका कुरूद आदर्श शहर समृद्धि योजना में चयनित हुआ है। इस योजना के तहत अधोसंरचना को मजबूती और शिक्षा, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी, मीडिया केंद्र भवन, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, सुगम यातायात हेतु सिग्नल लाइट, स्मार्ट ब्रेकर, इंडिकेशन बोर्ड की स्थापना की जाएगी। ऑटो, ई-रिक्शा, पिकअप वाहन और बस स्टॉप के लिए अलग-अलग स्टैंड बनाए जाएंगे। रैनबसेरा भवन और पोस्टमार्टम भवन का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर पार्षद एवं पार्टी नेता मौजूद थे।


