धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 3 मार्च। विगत 21 वर्षों से चली आ रही परम्परा को आगे बढ़ाते हुए वन्देमातरम परिवार कुरूद द्वारा होली की पूर्व संध्या पर हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें साहित्य जगत के सशक्त हस्ताक्षर ख्यातनाम कवि सुरेन्द्र शर्मा ,अरुण जैमिनी और मीर अली मीर ने हास्य रचनाओं के साथ चेतना को झकझोरने वाली पंक्तियाँ सुना सबका मन मोह लिया। आयोजन के सुत्रधार विधायक अजय चन्द्राकर ने इवेंट की जगह साहित्य को वरियता देने पर जोर दिया।
कुरुद खेल मैदान में 2 मार्च की रात आयोजित रसरंग होली महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अजय चन्द्राकर, नपं अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर, जिला सहकारी बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, नपं अध्यक्ष ज्योति जैन, जनपद अध्यक्ष बीरेन्द्र साहू, पूर्व नपं अध्यक्ष रविकांत चन्द्राकर, राजकुमारी दीवान, राईस मिल एसो. संरक्षक अनिल चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहु आदि के आतिथ्य में हुआ। अपने स्वागत भाषण में आयोजन समिति संरक्षक अजय चन्द्राकर ने क्षेत्रवासियों को पर्व की बधाई देते हुए बताया कि कुरूद ने हमेशा सांस्कृतिक, साहित्य एवं ललित कला की जड़ें सींचने का काम किया है, लेकिन बदलते दौर में इवेंट का बोलबाला है पर जबतक साहित्यकार और कवि सक्रिय रहेगें इस तरह की महफि़ल सजती रहेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने होली की शुभकामनाएँ देते हुए नगर एवं क्षेत्र में होने वाले हरेक काम का श्रेय विधायक को दिया। मंचीय औपचारिकता के बाद कवि मीर अली मीर ने नंदा जाहि का रे कविता पाठ से मंच को गति दी। हरियाणवी कवि अरुण जैमिनी ने चुटकुले सुना कर श्रोताओं को हंसाने में अपनी उर्जा खर्च की। लेकिन बुजुर्ग कवि सुरेन्द्र शर्मा ने समसामयिक विषय, संयुक्त परिवार, पढ़ लिख कर विदेश में नौकरी करने वाले बच्चों, तथा कथित बाबाओं द्वारा मोहमाया छोडक़र सबकुछ उन्हें अर्पण करने वाले प्रवचन के बचने, पड़ोसी देशो से हथियारों की होड़ की जगह गरीबी और बेरोजगारी मिटाने में प्रतिस्पर्धा करने की सलाह दी। उन्होंने राजनीति में धर्म के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि राम को मंदिरों में ढूढने की जगह अपने अंदर तलाश करने की जरूरत बताई। राधा कृष्ण संवाद के माध्यम से श्री शर्मा ने अपनी साहित्य साधना का परिचय दिया। अंत में वन्देमातरम परिवार के अध्यक्ष भानु चन्द्राकर ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रभात बैस ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में रसिक श्रोता मौजूद थे।


