धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 1 मार्च। होली एवं मुस्लिम समाज के पवित्र माह रमजान को शांति सद्भावना के साथ मनाने के उद्देश्य से राजस्व एवं पुलिस विभाग ने शांति समिति की बैठक लेकर सभी को आपसी भाईचारे के साथ खुशियां बांटने की सलाह दी। जनप्रतिनिधियों ने भी अधिकारियों की बात पर सहमति जताते हुए सभी को शांति के साथ त्यौहार मनाने की सलाह दी।
रविवार को जनपद सभाकक्ष कुरुद में हुई शांति समिति की बैठक में एसडीओपी रागनी मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर, तहसीलदार सूरज बंछोर ने जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य जनों से पर्व को शांति सद्भावना से मनाने के लिए आवश्यक सुझाव मांगा।
लोगों ने कहा कि अवैध नशा, बाइक राइडर्स और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के बाद ही नगर एवं क्षेत्र में अमनो-सकून कायम रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि सडक़ के बीच और बिजली तार के नीचे होली नहीं जलाईं जाए, डीजे बजाने के लिए समय सीमा एवं ध्वनि माप का ध्यान रखना होगा। शराब पीकर और तीन सवारी दो पहिया वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई होगी। मुखौटा पर प्रतिबंध लगाया गया है इसे बेचने और लगाने पर भी कार्रवाई की जाएगी। सामान्य गुलाल का उपयोग करें, कीचड़, ग्रीस, पेंट आदि का उपयोग ना करें।
नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने नागरिकों से निवेदन किया है कि भेदभाव, वैमनस्य और जात पात की भावना से उपर उठकर प्रेम से होली का त्यौहार मनाए। एसडीओपी रागनी मिश्रा ने कहा कि रंग में भंग डालने वाले, असामाजिक तत्वों एवं जरायमपेशा लोगों पर पुलिस की गहरी नजऱ है, माहौल बिगाडऩे वाले ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। इसलिए सभी मिल-जुलकर त्यौहार मनाएं।
बैठक में सीएमओ महेंद्र गुप्ता, टीआई चंद्रकांत साहू, पार्षद कविता चंद्राकर, राजकुमारी ध्रुव,रवि प्रकाश मानिकपुरी,सीतेश सिन्हा, व्यापारी संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिन्हा, मुस्लिम समाज से अय्यूब खान, शफी खान,मालकराम साहू, टुकेश साहू, सुनील चंद्राकर, लक्ष्मीकांत दुवेदी, रमेश यादव, रंजीत साहू एएसआई संतोष कोमरा, आरक्षक गोपाल चन्द्राकर सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे ।


