धमतरी
मुरुम माफिया ने दूसरी मशीन से जारी रखी खुदाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 28 फरवरी। प्रशासनिक उदासिया एवं राजनीतिक संरक्षण के चलते क्षेत्र में खनिज माफियाओं के पौ-बारह हो रहे हैं। नियम कानून को ताख में रख नदी, तलाब से लेकर समतल मैदान से रेत मुरुम का अवैध उत्खनन जारी है। कभी किसी शिकायत पर खनिज विभाग द्वारा कार्यवाही होती भी है तो माफिया उसकी भी परवाह नहीं करते। ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है जिसमें प्रशासन को अपनी साख बचानी मुश्किल लग रही है।
कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सिर्री में लंबे समय से हो रहे मुरुम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने की मांग करते हुए ग्रामीण प्रतिनिधि योगेन्द्र देवांगन द्वारा अपर कलेक्टर एवं जिला खनन पदाधिकारी से लिखित शिकायत कर बताया कि ग्राम सिर्री में लंबे समय से मुरुम माफिया खुलेआम अवैध उत्खनन कर शासन को राजस्व की हानि और गांव के पर्यावरण एवं सडक़ों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने खनिज माफियाओं के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की मांग की। अगले दिन मौके पर जाकर खनिज अधिकारी ने मुरुम उत्खनन में लगी जेसीबी मशीन पर नोटिस चस्पा कर शील लगा दिया। लेकिन संबंधित ठेकेदार ने अगले ही दिन दूसरी मशीन से फिर उसी जगह खुदाई शुरू कर दी।
माफिया के इस दुस्साहस को एक तरह से प्रशासन को सीधे चुनौती देने के बराबर माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह तो चोरी और सीना जोरी का मामला है, अवैध धंधे में लिप्त ऐसे लोगों को किस बड़े नेता का संरक्षण मिला है, उनकी पहचान उजागर होना चाहिए। आवेदक ने इस पूरे मामले में स्थानीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर संभावित मिलीभगत एवं कमीशनखोरी की निष्पक्ष जांच की मांग प्रशासन से की है।


