धमतरी

कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा का मगरलोड में भव्य स्वागत
05-Jan-2026 4:30 PM
कॉपरेटिव बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा का मगरलोड में भव्य स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 5 जनवरी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष बनने के बाद से ही वरिष्ठ भाजपा नेता निरंजन सिन्हा की सक्रियता बढ़ गई है। कार्य क्षेत्र व्यापक होने के चलते वे विधानसभा एवं लोकसभा क्षेत्रों में भी लगातार दौरा कर रहे हैं। जहाँ सहकारिता से जुड़े लोग मंच और माला से भरपूर सम्मान कर रहे हैं।

कुरुद और सिहावा विधानसभा की हार-जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मगरलोड ब्लॉक के दौरे पर नई भूमिका में पहुंचे निरंजन सिन्हा का क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सबसे पहले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में माल्यार्पण कर मंच पर पहुंचे मुख्य अतिथि श्री सिन्हा ने कहा कि मगरलोड क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में राजनीति को साधने की जो क्षमता है वह सीखने लायक है। यहाँ का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दम पर सार्वजनिक जीवन में सक्रियता बनाए हुए हैं।

 उन्होंने कहा कि मुझे पार्टी और सरकार ने अध्यक्ष बनाकर रायपुर, धमतरी, महासमुंद, बलौदा बाजार जिला में सहकारिता को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। बिना सहकार नही उद्दार के ध्येय वाक्य पर अमल करते हुए मेरा फोकस किसानों पर होगा। किसानों का घर समृद्ध होगा तो उनका परिवार समृद्ध होगा, बच्चों को पढऩे की सुविधा मिलेगी, सहकारिता की मदद से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने हम योजना बनाएंगे,  जिससे गांव व्यावसायिक रूप से आगे बढ़ेगा।

 

कॉपरेटिव सेक्टर में गांव की महिलाओं और युवाओं को रोजगार देने की आपार संभावना है। इसके लिए हम अनकूल वातावरण बनाने का काम करेंगे। इसमें हमारा बैंक और हमारे कर्मचारी, सहकारी समितियां लोगों की मदद करेंगे।

अध्यक्ष श्री सिन्हा ने बताया कि कापरेटिव बैंक के पास संसाधनों की कमी नहीं है जरुरत है इमानदार सोंच, अच्छी प्लानिंग और काम करने के जज़्बे की। पीएम मोदी, केन्द्रीय सहकारिता मंत्री शाह और मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में हम सहकारिता को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने का काम करेंगे। इसके लिए हम विशेषज्ञों और सहकारिता क्षेत्र में काम करने वाले लोगों से सलाह लेंगे।

 उपाध्यक्ष अनिमेष कश्यप ने भी कहा कि विकाश के लिए जो भी करना पड़े हम सब मिलकर करेंगे नए नए उपक्रम लाकर बदलाव लाने का काम करेंगे। इस अवसर पर भाजपा नेता टीकाराम कंवर, मीना डेमू साहू, श्याम साहू, सुरेश साहू, रोहित मोहन साहू, कल्याण राजपूत, नरेश सिन्हा, शत्रुघन साहू, राजेश साहू,रुक्मणि सिन्हा, संतोष सोनी, राधे सिन्हा, जनक साहू, लेखु साहू, लालेश्वर सिन्हा विजय यदु भवानी यादव, खिलावन साहू, सहकारिता अधिकारी एसपी चंद्राकर, मोहनलाल साहू, बलरामपुरी गोस्वामी, चंद्रभान साहू, टीके बैस, फकीरा खान, संतोष साहू, परमेश्वर निर्मलकर सहित बैंक एवं सहकारी समिति से जुड़े लोग बडी़ संख्या में उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट