धमतरी

कलेक्टर ने देखा कुरुद क्षेत्र में बन रही सडक़ों का हाल
30-Dec-2025 10:23 PM
कलेक्टर ने देखा कुरुद क्षेत्र में बन रही सडक़ों का हाल

पीडब्ल्यूडी ने भेजा कुरुद-उमरदा तक फोरलेन सडक़ का प्रस्ताव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 30 दिसंबर। धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कल कुरुद और मगरलोड ब्लॉक में बन रहे सडक़ व भवन निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को गुणवत्ता और समय का ध्यान रखने की समझाइश दी।

उन्होंने धमतरी जिले के कुरूद एवं मगरलोड विकासखंड में संचालित विभिन्न सडक़ एवं भवन निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नारी पुल से परसट्टी मार्ग लंबाई 3.50 किमी, गाड़ाडीह से परखंदा-गुदगुदा-नारी रोड लंबाई 12.20 किमी, उमरदा चौक एक्सप्रेस वे मार्ग तथा भेंडरी में नवनिर्मित महतारी सदन का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिया। संबंधित ठेकेदार ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए उन्हें मिट्टी और मुरुम नहीं मिल रही है। जिसके चलते कार्य में विलंब हो रहा है। इस पर जिलाधीश ने शासन स्तर पर इसका हल निकालने की बात कही। पीडब्ल्यूडी एसडीओ आर के शुक्ला ने बताया कि उमरदा से एनएच कुरुद तक करीब 6 किलोमीटर तक फोर लेन सडक़ बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।  इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री चहल, जनपद पंचायत मगरलोड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या ठाकुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट