धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 15 दिसंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोट-चोर गद्दी छोड़ महारैली में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुई। उन्होंने वोट चोरी और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महारैली को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं ने संबोधित किया।
राजधानी दिल्ली से लौट कर धमतरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने बताया कि हमारे जननेता राहुल गांधी लगातार देश के सामने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग द्वारा की जा रही वोट चोरी को उजागर कर रहे हैं। राहुल गांधी द्वारा पूर्व में रखे गए कई तथ्यों का जवाब आज तक चुनाव आयोग नहीं दे पाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बिहार में बड़ी संख्या में आम लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए। अब छत्तीसगढ़ सहित कुछ और राज्यों में भी एसआईआर की प्रक्रिया जारी है। जिस पर कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ता लगातार निगरानी कर रहे हैं। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि छत्तीसगढ़ में भी बिहार जैसी स्थिति दोहराई गई है या नहीं।
तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार चोरी के वोटों के सहारे सत्ता में बनी हुई है। देश में लाखों लोग ऐसे हैं जिनका नाम मतदाता सूची से गायब कर दिया गया है। निष्पक्ष चुनाव के लिए कांग्रेस, राहुल गांधी के नेतृत्व में, लगातार अभियान चलाती रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि वे बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और रुपये की गिरती साख जैसे मुद्दों पर जवाब देने से बच रहे हैं।
भाजपा सरकार की नीति अब केवल यह रह गई है कि देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को गलत तरीके से प्रस्तुत कर वर्तमान पीढ़ी को भ्रमित किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को जेल भेजा जा रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रवाद और सांप्रदायिकता के नाम पर भटककर भाजपा को वोट देने वाले युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। रामलीला मैदान में युवाओं की भारी उपस्थिति इस बात का संकेत है कि देश सत्ता परिवर्तन की ओर बढ़ रहा है। महारैली में विधायक ओंकार साहू, अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, डॉ.लक्ष्मी ध्रुव, प्रदेश महामंत्री पंकज महावर, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर,शारदा साहू, राजकुमारी दीवान, घनश्याम साहू, डीहूराम साहू, नरेंद्र सोनवानी, राजेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता शामिल हुए।


