धमतरी
महिला कमांडो प्रशिक्षण में नशा मुक्ति एवं महिला सशक्तिकरण पर जोर
'छत्तीसगढ़Ó संवाददाता
कुरुद, 12 अक्टूबर। कुरुद ब्लॉक सरपंच संघ द्वारा चलाए जा रहे मोर गांव मोर अभियान को सबलता प्रदान करते हुए समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में महिला कमांडो प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें शामिल क्षेत्र की सकड़ों महिला कमांडो को कलेक्टर एवं अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधियों ने संबोधित करते हुए नशा मुक्ति एवं महिला सशक्तिकरण की बात समझाई।
शनिवार को कुरूद के विश्रामगृह में ग्राम पंचायत स्तर पर गठित नशा मुक्ति महिला कमांडो दलों को आत्मरक्षा, नेतृत्व विकास, कानूनी जागरूकता तथा आत्मनिर्भरता के लिए प्रशिक्षित करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सरपंच संघ एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा समाज से नशा एवं अन्य कुरीतियों को समाप्त करने के लिए किये जा रहे प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि नशा जैसी बुराई को मिटाने की शुरुआत घर से ही करनी होगी। इसके लिए समाज में नशे के दुष्परिणामों के बारे में लोगों को जागरूक करते हुए इसके विरुद्ध आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के अधिकांश मामलों में नशा प्रमुख कारण होता है, इसलिए वाहन चलाते समय नशा न करें, हेलमेट पहने और यातायात नियमों का पालन करें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्र ने कहा कि पुलिस जनता की सहायता के लिए तत्पर है, नशा या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस दें। पद्मश्री सामाजिक कार्यकर्ता शमशाद बेगम ने महिलाओं को सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का फार्मूला बताया।
संरक्षण अधिकारी अनामिका शर्मा ने महिलाओं को प्राप्त कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। सरपंच संघ अध्यक्ष हरिशंकर साहू, संरक्षक टिकेश साहू ने पंचायत स्तर पर गठित कमांडो दल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अंत में कलेक्टर ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर एसडीएम नभसिंह कोसले, सीईओ अमित सेन, सरपंच योगेश साहू, पन्नालाल चन्द्राकर, ओमप्रकाश यादव, पुष्पलता साहू, पूजा, रामेश्वरी साहू, सुमित साहू, देशात सिन्हा, डिलन, देवचरण चंद्राकर, भीम साहू, नंदकुमार नेताम, जयमित्र साहू, विजय रात्रे, लोकेश साहू, खेमचंद साहू,ओमप्रकाश ध्रुव, शिवराम श्रीहोल, संजीत साहू, गुलशन, नागेश, हरीश साहू सहित सरपंच संघ पदाधिकारी, सदस्य एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


