धमतरी

कुरुद-मगरलोड में सांसद खेल महोत्सव
08-Oct-2025 3:35 PM
कुरुद-मगरलोड में सांसद खेल महोत्सव

छत्तीसगढ़ संवाददाता

कुरुद, 8 अक्टूबर। फिट इंडिया मूवमेंट को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कुरुद एवं मगरलोड ब्लॉक में ग्रामीण स्तर पर खेल महोत्सव आयोजित किया गया। जिसमें खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दर्शकों ने भी पारंपरिक खेलों को पुन: जीवंत होते देख अपने बचपन को याद किया।

फिट युवा फॉर विकसित भारत की थीम पर कुरुद ब्लॉक के ग्राम पचपेड़ी एवं मगरलोड के भेंड्री में आयोजित खेल महोत्सव में जनपद अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कुरूद जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन ने कहा कि इस आयोजन से ग्रामीण खेल संस्कृति में नई ऊर्जा का संचार हुआ। प्रतियोगिता को 14 से 19 वर्ष एवं 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बांट गया है। व्यक्तिगत एवं दलगत खेलों में 100 मीटर, 400 मीटर, गेड़ी दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गिल्ली डंडा जैसे व्यक्तिगत खेलों के साथ खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकसी जैसे दलगत खेल शामिल हैं।

 इस मौके पर अतिथियों ने शासकीय हाईस्कूल की 13 छात्राओं को सरस्वती योजना के तहत निशुल्क सायकिल वितरण किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति पूजा सिन्हा जनपद सदस्य सिन्धु बैस, डिकेश्वरी देवांगन, सरपंच विनय साहू सहित शिक्षा विभाग एवं पंचायत के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। इसी तरह मगरलोड ब्लॉक के ग्राम पंचायत भेंड्री में मंगलवार को सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष विरेन्द्र साहू,जनपद सदस्य विनीता साहू के आतिथ्य में किया गया।

 

मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। खेल न केवल शारीरिक स्फूर्ति का माध्यम हैं बल्कि अनुशासन, एकता और टीम भावना का भी प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि 9 से 17 अक्टूबर तक विभिन्न संकुलों में इन प्रतियोगिता होगी, इसके बाद विधानसभा स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न संकुलों के चयनित खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

इस मौके पर सरपंच राजेश्वरी आनंद पटेल, राधे पटेल, प्रीतराम देवांगन, चुम्मन साहू, नीलकंठ सिन्हा, प्रहलाद ध्रुव, हेमंत साहू, डामेश्वरी यादव, शिवकुमार साहू, नीलकंठ जांगड़े, भितेंद्र नागरची सहित कई गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट