धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर ग्राम खिसोरा में विजयदशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवकर साहेब, असंग देव कबीर आश्रम सोनपैरी, एवं मुख्य वक्ता यशपाल राणा, प्रांत प्रशिक्षक विश्व हिंदू परिषद थे।
मगरलोड ब्लॉक के ग्राम खिसोरा में विजयदशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम में विशेष रूप से जनपद अध्यक्ष मगरलोड विरेन्द्र साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित मोहन साहू, जनपद सभापति राजेश साहू, होरीलाल साहू, छबीलाल, हरीश्वर साहू, जिला पंचायत सभापति मीना डेमू साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष राखी साहू, जनपद सदस्य तिलोत्तमा साहू सहित सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
मुख्य वक्ता यशपाल राणा ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष भारतीय संस्कृति, संगठन और राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक है। संघ कार्य का उद्देश्य समाज में एकता, अनुशासन और सेवा की भावना को प्रबल करना है। मुख्य अतिथि देवकर साहेब ने विजयदशमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है, और संघ इसी आदर्श पर कार्य करता है। इस मौके पर स्वयंसेवकों ने अनुशासित पथ संचलन कर राष्ट्रीय एकता और गौरव का संदेश दिया। ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।


